छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सहारा इण्डिया के मैनेजर की मैग्नेटो मॉल में भी हैं दुकानें, एसपी ने कलेक्टर को दी जानकारी, कुर्की की तैयारी

Magneto

रायगढ़। सहारा इंडिया के रायगढ़ के ब्रांच मैनेजर ओमप्रकाश शर्मा के खिलाफ संपत्ति कुर्की की कार्रवाई जारी है। अब एसपी ने कई चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा कलेक्टर को प्रेषित किया है। इसमें रायपुर के मैग्नेटो मॉल की दो दुकानें भी शामिल हैं, जो उसने निवेशकों की राशि से खरीदी थी। इसके अलावा छह बैंक एकाउंट भी हैं जिनको सीज किया जाना है। लोगों को सहारा इंडिया में रुपए जमा करने कई लुभावने ऑफर देने वाले पूर्व शाखा प्रबंधक की संपत्ति कुर्क करने का आदेश कलेक्टर ने दिए हैं।

केस प्रारंभ होते समय करीब 6 हजार निवेशकों के करीब 50 करोड़ रुपए गबन करने की जानकारी सामने आई थी। इस राशि से पूर्व प्रबंधक ओमप्रकाश शर्मा ने करोड़ों की अचल संपत्ति खड़ी कर ली। सहारा इंडिया में रकम निवेश करने के बाद धोखा खाने वालों की संख्या हजारों में है। लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई सुनहरे भविष्य की उम्मीद में जमा की थी। इनकी जमा-पूंजी को सहारा इंडिया के कर्मचारियों ने अपने लिए अकूत दौलत इकट्ठा करने में लगा दिया। 2024 तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर रायगढ़ जिले में 3157 आवेदन थे। इसके अलावा सरगुजा के 24, जगदलपुर के 722, कांकेर के 764 और कोरबा के 1150 कुल 5817 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इतने निवेशकों से 49,22,06,926 रुपए हड़पे गए थे।

सालों से अपनी ही जमा पूंजी वापस पाने के लिए निवेशकों की एडिय़ां घिस गई हैं। कई निवेशकों की तो मौत भी हो चुकी है। लेकिन कंपनी से उनकी रकम वापस नहीं मिल पा रही है। कोतवाली में 29 सितंबर 2022 को धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया गया था। सहारा इंडिया के स्थानीय शाखा प्रबंधक ओमप्रकाश शर्मा और अन्य आरोपियों के विरुद्ध विकास निगानिया के आवेदन पर धारा 420, 120 बी, 34 के तहत धारा 6, 10 छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम, धारा 4, 5, 6 इनामी चिट और धन परिचालन स्कीम पाबंदी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

कलेक्टर कोर्ट में ओमप्रकाश शर्मा की 19 संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया जा चुका है। इसके बाद अब नई सूची सामने आई है जिसमें मैग्नेटो मॉल में 1671 वर्गफुट व 759 वर्गफुट दो दुकानें, होण्डा एक्टिवा, स्कोडा कार, ओमप्रकाश शर्मा और रश्मि शर्मा के पांच बैंक एकाउंट्स शामिल हैं। करीब 4.47 करोड़ की संपत्ति को कुर्क करने एसपी ने प्रकरण कलेक्टर न्यायालय को भेजा है।

स्कीम दिखाकर किया स्कैम
सहारा इंडिया के तत्कालीन शाखा प्रबंधक कबीर चौक ओमप्रकाश शर्मा पिता स्व. रामप्रवेश शर्मा, निवासी केलो विहार ने सहारा इंडिया की स्कीम का विज्ञापन निकाला। निवेशकों को भरोसा दिलाकर राशि निवेश करवाई, लेकिन मैच्योर होने के बाद रकम वापस ही नहीं मिली। इस मामले में ओमप्रकाश के अलावा खरसिया शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र साहू को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पूर्व में कुर्क संपत्तियों में रायगढ़ शहर शीट नंबर 43 की 11 दुकानें, गैलेक्सी मॉल की दो दुकानें, छातामुड़ा की एक जमीन और दो दुकानें, तेतला, कोंड़ातराई, रामनिवास टॉकीज चौक की दुकान भी शामिल है। कलेक्टर न्यायालय ने इन संपत्तियों के बाजार मूल्य की गणना की। सभी 19 संपत्तियों की कीमत 3,86,70,647 रुपए आंकी गई है। अब इन संपत्तियों की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: