रायगढ़। घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। इसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। अब दोबारा ऐसी स्थिति बनने लगी है। लोड कम आने के कारण सभी एजेंसियों में बैकलॉग बढ़ गया है। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण रसोई गैस की किल्लत बढ़ गई है। कंपनियां भी कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद करके केवल घरेलू गैस पर ही फोकस कर रही हैं। रायगढ़ जिले में इंडेन और एचपी के ही सबसे ज्यादा उपभोक्ता हैं। पिछले दिनों सरकारी छुट्टियां बहुत ज्यादा होने के कारण इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी से लोड पर्याप्त नहीं आया।
इस वजह से सभी एजेंसियों ने बैकलॉग बन गया है। शहर के इंडेन और एचपी एजेंसियों में 1000 से अधिक बैकलॉग है। सभी एजेंसियां मिलाकर करीब 5000 पेंडेंसी हो चुकी है। इंडेन का लोड आने में निरंतरता नहीं होने के कारण उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। गैस सिलेंडर बुकिंग करने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही है। एजेंसी संचालक भी कंपनी सेल्स ऑफिसरों से लोड दिलाने के लिए संपर्क कर रहे हैं लेकिन कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है।
होम डिलीवरी बंद
शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर डिलीवरी के बाद अगली बुकिंग के लिए 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतर कर दिया गया है। होम डिलीवरी भी बंद कर दी गई है। डीएसी आने के बाद एजेंसी में जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। अब लोड नहीं आने के कारण उपभोक्ताओं का दबाव बढ़ गया है। 25 दिन होते ही बुकिंग भी बढ़ती जा रही है।























