रायगढ़। रायगढ़ स्थित डॉ. आर.एल. हॉस्पिटल एवं टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर ने आईवीएफ (IVF) उपचार के माध्यम से एक साथ तीन बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ जन्म की महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह चिकित्सकीय उपलब्धि उन तमाम दंपतियों के लिए एक नई उम्मीद की किरण है, जो लंबे समय से संतान सुख से वंचित हैं। शादी के नौ साल बीत जाने और चार बार गर्भपात (Miscarriage) का मानसिक व शारीरिक दर्द झेलने के बाद 29 वर्षीय अर्चना गुप्ता (बदला हुआ नाम) और उनके 34 वर्षीय पति प्रदीप गुप्ता निराश हो चुके थे। वर्षों के संघर्ष के बाद इस दंपती ने डॉ. आर.एल. हॉस्पिटल के IVF सेंटर के विशेषज्ञों पर भरोसा जताया।
सही मार्गदर्शन और सफल IVF उपचार के परिणामस्वरूप, करीब आठ महीने की गर्भावस्था के बाद महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया।चिकित्सा विज्ञान में एक साथ तीन बच्चों (Triplets) का जन्म एक बड़ी और जटिल चुनौती माना जाता है। ऐसी गर्भावस्था उच्च जोखिम (High Risk) की श्रेणी में आती है, जिसमें समय से पूर्व प्रसव (Premature Delivery) की आशंका सर्वाधिक रहती है। हालांकि, अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निरंतर निगरानी और बेहतरीन चिकित्सकीय प्रबंधन ने मां और तीनों बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित रखा। जन्म के तुरंत बाद नवजातों को 14 दिनों तक नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में विशेष देखभाल में रखा गया।
अब मां और तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं और खुशी-खुशी अपने घर लौट चुके हैं। इस जटिल मामले पर बात करते हुए IVF एवं इनफर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉ. प्रिया अग्रवाल ने बताया, “मरीज का इतिहास चार बार गर्भपात का था, इसलिए गर्भधारण के पहले दिन से ही पूरी गर्भावस्था के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई। तीन बच्चों की गर्भावस्था होने के कारण प्री-मैच्योर डिलीवरी का जोखिम काफी ज्यादा था। प्रसव के बाद NICU में 14 दिनों की विशेषज्ञ देखभाल के बाद बच्चे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। IVF से एक साथ तीन बच्चों का स्वस्थ जन्म चिकित्सकीय दृष्टि से हमारी पूरी टीम के लिए एक बड़ी सफलता है।”
अस्पताल के संचालक डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने चिकित्सकीय टीम और परिवार को बधाई देते हुए कहा, “IVF तकनीक के जरिए एक साथ तीन बच्चों का स्वस्थ जन्म हमारे अस्पताल के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह सफलता उन सभी दंपतियों के लिए प्रेरणा है, जो लंबे समय से संतान प्राप्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
बहरहाल यह सफल मामला एक बार फिर साबित करता है कि आधुनिक IVF तकनीक और सही विशेषज्ञ परामर्श से संतान प्राप्ति में आने वाली बड़ी से बड़ी जटिलताओं को दूर किया जा सकता है। डॉ. आर.एल. हॉस्पिटल का IVF सेंटर इनफर्टिलिटी (बांझपन) और IVF उपचार के क्षेत्र में लगातार अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहा है।






















