कृषि डेस्क। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घरेलू बागवानी का चलन तेजी से बढ़ा है। छत, बालकनी और आंगन में अब लोग फल-सब्जियां उगाने लगे हैं। इसी कड़ी में लौकी का पौधा भी किचन गार्डन की पहली पसंद बनता जा रहा है। यदि आप घर की छत या आंगन में लौकी की बेल उगा रहे हैं, तो सिर्फ पानी और धूप ही काफी नहीं होते। एक स्वस्थ और फलदार लौकी का पौधा चाहिये, तो उसकी विशेष देखभाल और सही पोषण बेहद जरूरी है। अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि बेल में फूल तो आते हैं, लेकिन फल नहीं बनते या लौकी छोटी रह जाती है। इसका कारण पौधे में पोषक तत्वों की कमी और उचित देखभाल का अभाव होता है। यहां हम आपको लौकी के पौधे के लिए 5 ऐसे नेचुरल इंग्रेडिएंट्स (घरेलू खाद) के बारे में बताएंगे, जिनका उपयोग करके आपकी लौकी की बेल अनगिनत लंबी और भारी लौकियों से भर जाएगी।
लौकी की पौध देखभाल कैसे करें?
- खरपतवार और मुरझाए पत्ते हटाएं
पौधे के गमले में उग आए अनावश्यक खरपतवार को समय-समय पर निकालते रहें। नीचे की सूखी या डैमेज पत्तियों को कैंची से काटकर अलग कर दें, ताकि पौधे पर ओवरलोड न हो। - गुड़ाई करें – मिट्टी को सांस लेने दें
खुरपी से मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें। इससे जड़ों तक हवा और रोशनी पहुंचेगी और उनका विकास बेहतर होगा। - ध्यान रहे: फूल आते हैं लेकिन फल नहीं?
इसका मतलब है कि पौधे को पर्याप्त पोषक तत्व नहीं मिल रहे हैं। अब जानिए वो 5 चीजें जो आपकी लौकी की बेल को बना सकती हैं सुपर स्टार।
ये 5 चीजें करेंगी कमाल, पौधा बनेगा सुपर हेल्दी
बागवानी में वर्षों का अनुभव रखने वाले उद्यान विशेषज्ञ मानते हैं कि बाजारू रासायनिक खादों की जगह घरेलू और जैविक विकल्पों को अपनाना चाहिए। इनमें पांच प्रमुख तत्व ऐसे हैं, जिनका नियमित उपयोग लौकी के उत्पादन को कई गुना बढ़ा सकता है:
- वर्मीकम्पोस्ट: यह खाद पौधे की समग्र वृद्धि के लिए आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों की पूर्ति करता है।
- उबली हुई चायपत्ती: इसमें नाइट्रोजन, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे तत्व मौजूद होते हैं जो पत्तों को हरा-भरा रखते हैं।
- नीम खली: यह एक प्राकृतिक कीटनाशक का कार्य करता है और जड़ों को कीट-मुक्त बनाता है।
- लकड़ी की राख: कैल्शियम, फास्फोरस, सल्फर आदि खनिजों से भरपूर यह राख फलों की गुणवत्ता को बेहतर बनाती है।
- एप्सम सॉल्ट: यह फूल और फल की संख्या बढ़ाने में मददगार होता है।
खाद का मिश्रण और प्रयोग विधि
बागवानी विशेषज्ञों की सलाह है कि इन पांचों जैविक खादों को एक निश्चित मात्रा में मिलाकर उपयोग किया जाना चाहिए:
- 2 मुट्ठी वर्मीकम्पोस्ट
- 2 चम्मच सूखी चायपत्ती
- 1 मुट्ठी नीम खली पाउडर
- 1 मुट्ठी लकड़ी की राख
- 1 चम्मच एप्सम सॉल्ट
इसे लौकी के पौधे की मिट्टी में अच्छे से मिलाएं और हल्की गुड़ाई कर दें। हर 15 दिन में एक बार यह प्रक्रिया दोहराएं। लौकी के पौधे को नेचुरल खाद और थोड़ी समझदारी से दी गई देखभाल न सिर्फ फलों की मात्रा बढ़ाती है, बल्कि बेल की उम्र भी लंबी करती है। जैविक खाद से उपजी लौकी आपके स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होती है।

🌱 तो अब देर किस बात की? आज ही अपनाएं ये 5 नैचुरल टिप्स और तैयार हो जाइए बंपर लौकी की फसल के लिए!


























You must be logged in to post a comment.