रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से यह सम्मान समारोह 11 नवम्बर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में सुबह 11:30 बजे आयोजित किया गया है।
समारोह में केंद्रीय मंत्री और राज्य के प्रतिनिधि होंगे शामिल
इस राष्ट्रीय पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा चयनित निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
जनभागीदारी और सफाई मित्रों के योगदान से मिली सफलता
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है, जो सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी पर केंद्रित है। चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों के प्रभावी संचालन में नगरीय निकायों के अमले के साथ सफाई मित्रों की मेहनत और आम नागरिकों की सहभागिता की अहम भूमिका रही है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले साल के स्वच्छ सर्वेक्षण में भी राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया था।

























