रायपुर। प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव एवं रायपुर जिला प्रभारी राकेश पाण्डेय दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे, जहां उनका संगठन की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। दौरे के दौरान उन्होंने जिले में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार बैठकों का सिलसिला जारी रखा। प्रथम दिवस राकेश पाण्डेय ने रायपुर जिला शहर युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक ली। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, आंदोलनों और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बोध कराते हुए सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
द्वितीय दिवस रायपुर शहर की तीनों विधानसभा -उत्तर, पश्चिम और दक्षिण में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया गया तथा संगठन के कार्यक्रमों को लेकर प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठकों में प्रमुख रूप से प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा, रायपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार मेनन, जिला पदाधिकारीगण, सह-प्रभारी एवं तीनों विधानसभा के अध्यक्ष उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

























