रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छालीवुड) के निर्देशक मोहित साहू विवादों में घिर गए हैं। एक युवती ने उन पर शादी का झांसा देने, असलियत छिपाने और बेरहमी से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। युवती द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मोहित साहू ने अपनी वैवाहिक स्थिति को लेकर उसे अंधेरे में रखा। आरोप है कि मोहित पहले से शादीशुदा थे, इसके बावजूद वे युवती को कथित तौर पर उज्जैन ले गए और वहां उससे शादी कर ली।
युवती का दावा है कि जब उसे मोहित की पहली शादी के बारे में पता चला, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर निर्देशक ने युवती के साथ मारपीट की। घटना रायपुर के एक फ्लैट की बताई जा रही है। सामने आए कथित वीडियो में युवती घायल अवस्था में नजर आ रही है। शोर सुनकर पड़ोसी और वहां तैनात महिला सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे, जिन्होंने हस्तक्षेप कर दरवाजा खुलवाया। इसके बाद पीड़ित युवती ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया। इस मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने युवती की शिकायत दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है की “शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों को संज्ञान में लिया गया है। दोनों पक्षों के बयान और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस पूरे मामले में मोहित साहू की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।























