सारंगढ़–बिलाईगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, जो अब तक किसी वजह से पंजीकृत नहीं हो सके हैं। इसके साथ ही पहली बार मतदान के योग्य बने युवाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बीएलओ घर-घर जाकर जुटाएंगे जानकारी
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर संपर्क करेंगे। मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के तहत बीएलओ पात्र नागरिकों की जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों और नए पात्र युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने क्षेत्र के बीएलओ को आवश्यक विवरण उपलब्ध कराकर सहयोग देने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
प्रपत्र-6 और ऑनलाइन माध्यम से आवेदन की सुविधा
मतदाता सूची में पहली बार नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक प्रपत्र-6 में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग ने डिजिटल माध्यम से भी आवेदन की व्यवस्था की है। पात्र नागरिक ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल ऐप अथवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भी अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है।























