रायपुर: आगामी 3 अक्टूबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे एकदिवसीय मुकाबले की तैयारी के लिए, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने भारतीय टीम के नेट प्रैक्टिस हेतु राज्य के 27 सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का चयन किया है। इस समूह में रायगढ़ शहर के अनुभवी स्पिनर सचिन चौहान को भी शामिल किया गया है, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय बल्लेबाजों को अभ्यास कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। CSCS के इस निर्णय से राज्य की स्थानीय प्रतिभाओं को शीर्ष स्तर के क्रिकेटरों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
सचिन चौहान अभ्यास सत्र के दौरान भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, लोकेश राहुल, तथा दक्षिण अफ्रीकी टीम के प्रमुख बल्लेबाजों एडन मार्क्रम, डेवाल्ड ब्रेविस और क्विंटन डी कॉक जैसे अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को गेंदबाजी करेंगे। उल्लेखनीय है कि सचिन चौहान छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम के एक अनुभवी सदस्य हैं और उन्होंने लगातार सात बार रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में अपनी जगह बनाई है। यह उनकी निरंतरता और उच्च-स्तरीय गेंदबाजी क्षमता का प्रमाण है। इससे पूर्व भी सचिन ने भारतीय टीम के प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया है और विराट कोहली को गेंदबाजी कर चुके हैं।
सचिन चौहान के चयन पर रायगढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने खुशी व्यक्त की है। अध्यक्ष संतोष पांडेय और सचिव रामचंद्र शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए सचिन को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। इसके अतिरिक्त रायगढ़ के वरिष्ठ खिलाड़ी विकास पाण्डेय, आशिक हुसैन, अमित कुंवर, रविंद्र भियानी, महेश दधीचि, चंद्रेश यादव, चंद्रहास सिंह राजपूत, सचिन मिश्रा, अभिषेक गुप्ता, सुरेंद्र पाल सिंह बल, रवि सिंह, नीलेश तिवारी, गगनदीप सिंह, कपिल दास महंत, अभिषेक यादव और अभिजीत साहू शामिल ने भी सचिन को इस चयन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
Related Article























