- बाकारुमा से लैलूंगा के बीच 600 मीटर रोड बनी ही नहीं, पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने किया चक्काजाम
रायगढ़। लैलूंगा से बाकारूमा रोड के अधूरे निर्माण और जर्जर हालत को लेकर पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने रविवार को चक्काजाम का ऐलान किया था। दरअसल एडीबी प्रोजेक्ट के तहत रोड को अधूरा ही छोड़ दिया गया था। इसलिए 600 मीटर का हिस्सा बारिश में दलदल बन जाता था। रविवार को चक्काजाम के बाद पीडब्ल्यूडी एसडीओ ने लिखित आश्वासन दिया, तब आंदोलन खत्म हुआ। बाकारुमा से लैलूंगा रोड का निर्माण एडीबी परियोजना के तहत किया गया था। निजी भूमि का भू-अर्जन नहीं करने की वजह से रोड का काम रोकना पड़ा। एडीबी ने इस ओर कभी ध्यान ही नहीं दिया। इसलिए करीब 650 मीटर सडक़ अधूरी ही रह गई। बरसात में राजपुर बाजार के पास रोड कीचड़ से भर गई थी।
लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया था। पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने रोड की जर्जर हालत को लेकर रविवार को चक्काजाम करने की घोषणा की थी। उन्होंने युवाओं के साथ मिलकर चक्काजाम शुरू किया। तब एसडीएम राकेश वर्मा और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी वहां पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य स्वीकृति की जानकारी दी। आंदोलनकारियों ने लिखित आश्वासन मांगा जिसके बाद एसडीओ पीडब्ल्यूडी ने लिखित आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि एडीबी से 85 लाख रुपए मुआवजा एसडीएम के पास जमा करवाया गया है ताकि निजी भूमि स्वामियों को वितरण किया जा सके। साथ ही 600 मीटर सडक़ के लिए डीएमएफ से 1.32 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है जिसका टेंडर प्रक्रियाधीन है।
आदिवासी ब्लॉकों में सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य की हालत खराब
जिले के आदिवासी ब्लॉकों में प्रदूषण ज्यादा है। सडक़ें भी खराब हो रही हैं क्योंकि भारी वाहनों के लिए कोई कॉरीडोर नहीं है। ग्रामीण सडक़ों से ही कोयला ढुलाई की जा रही है। स्कूलों में शिक्षक पर्याप्त नहीं हैं। सीएचसी और पीएचसी में डॉक्टर नहीं हैं। भाजपा छोडऩे के बाद रवि भगत अधिक मुखर होकर आदिवासी हितों के लिए लडऩे को तैयार हैं।









































