खरसिया। अधीक्षण अभियंता केलो परियोजना के बांध मंडल कार्यालय खरसिया में अनाधिकृत व्यक्ति के द्वारा शासकीय कार्यालय में वित्तीय कार्य किए जाने की शिकायत जिला कलेक्टर रायगढ़ को की गई है। बीके तिवारी सहायक ग्रेड 3 केलो परियोजना निर्माण संभाग लाखा ने प्रदीप देवरे नाम के व्यक्ति के द्वारा अधीक्षण अभियंता केलो परियोजना बांध मंडल कार्यालय में अनाधिकृत ढंग से वित्तीय कार्य करने की शिकायत करते हुए कहा है कि कार्यालय के अधीनस्थ सेवानिवृत्त प्रदीप देवरे सहायक वर्ग 2 के द्वारा कार्यालय में बिना संविदा नियुक्ति के पिछले लगभग 1 साल से सेवा निवृत्ति के बाद भी कार्य संपादित कर रहा है जबकि उनके बहाली आदेश में स्पष्ट लिखा गया था कि इनको वित्त से संबंधित कोई कार्य न दिया जाये।
सेवानिवृत्त के बाद भी कार्यालय में श्री देवरे वित्त से संबंधित कार्य संपादित कर रहा है और कोई कार्य कराने के एवज में बहुत ज्यादा राशि का मांग भी इनके द्वारा किया जाता है, जिससे माहौल खराब हो रहा है। प्रार्थी द्वारा 21 अगस्त को एल. एल. अहिरवार कार्यपालन अभियंता सेवानिवृत्त के कार्य के लिये अधीक्षण अभियंता के कहने के बाद हस्ताक्षर कराके वापस देवरे के पास दिखाने गया था तो प्रार्थी को गाली-गलौज करते हुए पेपर वेट से मारने की कोशिश किया एवं उक्त दस्तावेज को फाड़कर फेकने की धमकी देते हुए मोड़कर (मसलकर) फेंक दिया गया और प्रार्थी को धमकी दिया गया कि मैं सेवानिवृत्त हो चुका हूं मेरा कोई उच्च अधिकारी कुछ बिगाड़ नहीं सकता जो करना है कर लो।
इनके द्वारा पिछले 1 साल से शासकीय आवास रिक्त नहीं किया गया है न ही बाजार दर पर वसूली किया जा रहा है जो उचित नहीं है। बीके तिवारी सहायक ग्रेड 3 ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रदीप देवरे को यथाशीघ्र महत्वपूर्ण सीट एवं कार्यालय से हटा कर किसी अन्य कर्मचारी को कार्य सौंपने के लिये आदेशित करने की कृपा करें। इनके द्वारा आपके कार्यालय में भविष्य में वित्त से संबंधित घोटाला होने की संभावना हो सकती है क्योंकि इनके द्वारा पूर्व में वित्त से संबंधित घोटाला किया जा चुका है।
जो इनकी सेवा पुस्तिका में अंकित है। शिकायत की प्रतिलिपि सचिव जल संसाधन विभाग मंत्रालय, प्रमुख अभियंता जल संसाधन, मुख्य अभियंता मिनीमाता, जिला अध्यक्ष रायगढ़ को प्रेषित कर कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता केलो परियोजना बांध मंडल जितेंद्र नेताम से उनके मोबाइल नंबर 7000631012 पर कई बार संपर्क किए जाने पर भी उन्होंने फोन नही उठाया और न ही कार्यालय में मिले।























