छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ में बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति और बेटी गंभीर रूप से घायल

Body

रायगढ़। जिले के ग्राम आमापाली-अमरैया मेन रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना बिना नंबर के एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर की कथित तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक टक्कर के कारण हुई। हादसे का शिकार हुआ परिवार नवरात्रि पूजा में शामिल होने के लिए जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बहिरकेला निवासी एक परिवार खेती-किसानी और रोजी-मजदूरी का कार्य करता है। 11 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे परिवार के सदस्य बसंत कुंवर राठिया, उनके पति नरोत्तम राठिया और बेटी हेमा राठिया मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम बटूराकछार में आयोजित नवरात्रि पूजा में शामिल होने निकले थे। सुबह लगभग 11 बजे जब वे आमापाली-अमरैया मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे बिना नंबर के लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घरघोड़ा अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को किया मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां तीनों घायल अवस्था में मिले और पास ही ट्रैक्टर भी खड़ा था। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बसंत कुंवर राठिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं नरोत्तम राठिया की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया गया। घायल बेटी हेमा राठिया का इलाज घरघोड़ा अस्पताल में चल रहा है।

ट्रैक्टर चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही का आरोप

मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि बिना नंबर के महिंद्रा ट्रैक्टर का चालक वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ और उनकी मां की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई है और पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: