रायगढ़। शहर के कोतरा रोड 132/33/11 केवी उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में मंगलवार, 16 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तीन घंटे के लिए बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा लाइनों और ट्रांसफार्मरों के आवश्यक रखरखाव तथा जरूरी सुधार कार्य किए जाने के कारण यह शटडाउन लिया जा रहा है। इस कटौती से कलेक्टर और जज बंगले जैसे वीआईपी इलाकों से लेकर विकास नगर, सुभाष नगर और गोरखा सहित शहर के एक बड़े हिस्से में आम जनजीवन प्रभावित होगा।
मेंटेनेंस के कारण लिया जा रहा है शटडाउन
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और तकनीकी फाल्ट से बचने के लिए मेंटेनेंस का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कोतरा रोड सब-स्टेशन में सुधार कार्य प्रस्तावित है। सुबह 9 बजे मरम्मत का काम शुरू होते ही इस उपकेंद्र से निकलने वाली सप्लाई बंद कर दी जाएगी। दोपहर 12 बजे तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद ही संबंधित क्षेत्रों में बिजली बहाल की जाएगी।
इन प्रमुख कॉलोनियों और मोहल्लों में रहेगा ब्लैकआउट
बिजली कटौती के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शटडाउन से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में कोतरा रोड थाना चौक, विकास नगर की गली नंबर एक से तीन, दशरथ पान ठेला, बुढ़ी माई मंदिर क्षेत्र, सुल्तानिया कॉलोनी, देवघर हाइट्स, गुरुशरण विला, जज बंगला और कलेक्टर बंगला शामिल हैं। इसके अलावा सीएसईबी कॉलोनी, क्षेत्रीय भंडार, अटल आवास, गोकुलधाम, राजीव नगर की गली नंबर दो और तीन, मधुबन बिल्डिंग, बावली कुआं क्षेत्र, सिटी हॉस्पिटल, घड़ी चौक और रामलीला मैदान के आसपास के इलाकों में भी बिजली बाधित रहेगी।
सुभाष नगर, रूकमणि विहार कॉलोनी, सावित्री नगर, मोदीपारा, सोनिया नगर, रेलवे कॉलोनी, रेलवे बंगलापारा, गजानंदपुरम कॉलोनी, जी हाइट, गबेल कॉलोनी, नेक्सा सर्विस सेंटर और कोतरा रोड बाईपास एरिया के उपभोक्ताओं को भी तीन घंटे बिना बिजली के गुजारने होंगे। साथ ही कलमीडीपा पारा, कलमी मंगलूडीपा के पीछे का मोहल्ला, गोरखा हाई स्कूल क्षेत्र, गोरखा पुरानी बस्ती, रिलायंस पेट्रोल पंप, जानकी होटल, साई इंक्लेव कॉलोनी और जमनी पारा आंगनबाड़ी क्षेत्रों में भी सप्लाई बंद रखी जाएगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए कटौती के दौरान सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य की आवश्यकता और तकनीकी परिस्थितियों को देखते हुए शटडाउन के निर्धारित समय में आवश्यकता पड़ने पर परिवर्तन भी किया जा सकता है।






















