रायगढ़। वर्तमान समय में मोबाइल केवल बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि इंसान की डिजिटल दुनिया का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर लोग अक्सर दोबारा मिलने की उम्मीद छोड़ देते हैं। लेकिन रायगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने इसी उम्मीद को हकीकत में बदलते हुए रविवार को 128 लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में रिकवर किए गए 128 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 25 लाख 60 हजार रुपये से अधिक है।
बिहार और कोलकाता तक पहुंची साइबर सेल की टीम
रायगढ़ के साइबर पुलिस थाना ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए इन मोबाइलों को न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि बिहार, कोलकाता और पड़ोसी जिलों जैसे कोरबा व जांजगीर से भी ट्रैक कर वापस मंगाया है। इसके अतिरिक्त धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए गए। बरामद फोन में वीवो, ओप्पो, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं।
CEIR पोर्टल बना मददगार
साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर ने बताया कि गुम मोबाइल की शिकायतों के निराकरण के लिए भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित CEIR पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्नति ठाकुर के सुपरविजन और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक के नेतृत्व में टीम इन शिकायतों की निरंतर मॉनिटरिंग करती है। जैसे ही कोई नागरिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज करता है, मोबाइल ट्रैकिंग पर आ जाता है और नई गतिविधि होते ही पुलिस उसे रिकवर कर लेती है।
गुम मोबाइल का उपयोग करना है अपराध: एसएसपी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी अन्य का गुम या चोरी का मोबाइल उपयोग करना कानूनी अपराध है। उन्होंने कहा, “आज के दौर में मोबाइल केवल बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि बैंकिंग और व्यक्तिगत दस्तावेजों का महत्वपूर्ण आधार है। यदि किसी को भी कोई लावारिस मोबाइल मिलता है, तो उसे तुरंत नजदीकी थाने में जमा करें। पुलिस लगातार ट्रैकिंग कर रही है और मोबाइल मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

मोबाइल पाकर खिले स्वामियों के चेहरे
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर कई नागरिक भावुक हो उठे। मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों ने एसएसपी और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने पुलिस टीम के साथ सेल्फी भी ली।

इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के निर्देशन में थाना प्रभारी विजय चेलक, सहायक सहायक उप निरीक्षक नंदकुमार सारथी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक रेनू सिंह मांडवी, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, दुर्गेश सिंह, रूपराम पटेल, करुणेश राय, बृजलाल गुर्जर, महिला आरक्षक मेनका चौहान, आरक्षक धनंजय कश्यप, जगमोहन ओग्रे, महेश पंडा, प्रशांत पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर, रविंद्र गुप्ता, मनोज पटनायक, नवीन शुक्ला, विकास प्रधान, रोशन एक्का, गोविंद पटेल, गजेंद्र प्रधान एवं नवरक्षक उमेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की सलाह: मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, तुरंत CEIR पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते उसे ब्लॉक और ट्रैक किया जा सके।
























You must be logged in to post a comment.