रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी पर अंकुश लगाते हुए दो अलग-अलग गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। थाना पूंजीपथरा और थाना लैलूंगा की टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ चोरी के साथ-साथ संगठित अपराध की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद कर 6 आरोपियों को पकड़ा है, जबकि लैलूंगा पुलिस ने एक चोरी की बाइक के साथ दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई: जंगल में पत्तों से छिपाकर रखी थीं 9 बाइक
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 2 नवंबर 2026 को बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी के मुताबिक 30 अक्टूबर की शाम कमरे के सामने खड़ी बाइक को अज्ञात चोर ले गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर के जंगल में मिली। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि पूर्व में तांबा चोरी में जेल जा चुका राजू चौहान अपने साथियों के साथ दोबारा सक्रिय है। पुलिस ने घेराबंदी कर राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से रात में घूमकर बाइक चोरी करने और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों के पत्तों से छिपाने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर तराईमाल और उर्दना क्षेत्र से चोरी की गई 9 मोटरसाइकिलें (अनुमानित कीमत 6 लाख 12 हजार रुपये) और 2 मोबाइल बरामद किए गए। गिरोह बनाकर वारदात करने के कारण मामले में बीएनएस की धारा 112(2) भी जोड़ी गई है। आरोपी राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।
लैलूंगा में मॉडिफाई कर बाइक बेचने की फिराक में पकड़े गए दो युवक
दूसरे मामले में लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सराईटोला (जिला जशपुर) निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने 29 अक्टूबर 2026 को पल्सर मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी बाइक 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड मेन रोड के पास से चोरी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बाइक के कुछ पार्ट्स बदलकर उसे मॉडिफाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से करीब 80 हजार रुपये की पल्सर बाइक बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। दोनों थानों की टीमों की तत्परता और सूचना तंत्र से इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
























