छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ऑपरेशन आघात: ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, करीब 3 किलो गांजा और बाइक जब्त

IMG 20261026 WA0019

रायगढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुसौर पुलिस ने गांजा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकेबंदी कर ओडिशा से बाइक पर गांजा लेकर आ रहे तस्कर और उससे माल मंगाने वाले स्थानीय खरीदार, दोनों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.893 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नाकेबंदी कर मुख्य सड़क पर पकड़ा गया तस्कर

पुसौर पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा रखकर होंडा साइन मोटरसाइकिल से ओडिशा की तरफ से चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी की। संदेही के पहुंचने पर पुलिस ने उसे रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम लब सा (30 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा

(ओडिशा), हाल मुकाम चक्रधर कॉलोनी चंद्रपुर (जिला सक्ती) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग से तीन पैकेट में कुल 2.893 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BR 3641) भी जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ पुसौर थाने में अपराध क्रमांक 267/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

कियोस्क बैंक से ट्रांसफर किए थे 14,850 रुपये

विवेचना के दौरान आरोपी लब सा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गांजा मंगाने वाले मुख्य खरीदार की पहचान राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़ (जिला रायगढ़) के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर राजू दास महंत को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि राजू दास महंत ने मोबाइल पर संपर्क कर लब सा से तीन किलो गांजा मंगाया था और इसके एवज में कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के जरिए 14,850 रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने राजू दास महंत के कब्जे से दो वीवो मोबाइल फोन जब्त किए। दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सप्लायर और खरीदार, दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की सूचना पुलिस को देकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: