रायगढ़। जिले के रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में शादी का झांसा देकर बालिका को भगाने और उसके साथ शारीरिक शोषण करने के आरोपी परमानंद कंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में महिलाओं और बच्चों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई। बालिका के पिता ने 25 सितंबर को रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात का भोजन करने के बाद परिवार के सदस्य सो गए थे, लेकिन अगली
सुबह उनकी बेटी अपने कमरे में नहीं मिली। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
ओडिशा में दबिश देकर बालिका को कराया गया मुक्त
विवेचना के दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेगारपानी (भोगराकछार) निवासी 34 वर्षीय परमानंद कंवर बालिका को अपने साथ ले जाकर अपने घर में रखे हुए है। सूचना मिलते ही रैरूमाखुर्द चौकी से प्रधान आरक्षक भेनानसियुस खेस और महिला आरक्षक ज्योति की टीम ओडिशा के रेगारपानी पहुंची।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर बालिका को गवाहों के समक्ष सकुशल बरामद कर लिया, हालांकि उस समय आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। बरामदगी के बाद महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बालिका का बयान दर्ज कराया गया और काउंसलिंग कराने के उपरांत उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण का आरोप
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी परमानंद कंवर उसे शादी का झांसा देकर मोटरसाइकिल से अपने गांव रेगारपानी ले गया था, जहां उसने उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया। पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 62(2)(ड) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ी।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने उसे उसके गांव के मुख्य मार्ग पर पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AW 1784) के साथ पकड़ लिया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के सुपरविजन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव व पुलिस टीम द्वारा की गई।























