रायगढ़: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों को मिलने वाले राशन में बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने खाद्य विभाग के साथ मिलकर धरमजयगढ़ विकासखंड की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लाखों रुपये के चावल, शक्कर और नमक के गबन का खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में इन दुकानों से कुल 31 लाख रुपये से अधिक का खाद्यान्न गायब पाया गया है। पुलिस ने दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई।
ससकोबा में ₹12.89 लाख का खाद्यान्न गायब
मामले का पहला खुलासा ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 पर हुआ। 3 सितंबर 2026 को हुई जांच में पाया गया कि दुकान में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की भारी कमी है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹12,89,375 है। जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त 2026 में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट लगवाकर उन्हें राशन वितरित ही नहीं किया गया। इस धोखाधड़ी के लिए सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया (45) और सचिव माधुरी बाई राठिया (44) को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है। थाना धरमजयगढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है।
गनपतपुर में ₹18.86 लाख के राशन का हिसाब नहीं
इसी क्रम में, ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में भी बड़े पैमाने पर अनियमितता उजागर हुई है। भौतिक सत्यापन के दौरान 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया, जिसकी कुल कीमत करीब ₹18,86,345 है। इस दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान द्वारा किया जाता था। तीनों ही आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
दोनों ही मामलों में पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में क्रमशः अपराध क्रमांक 288/2026 एवं 289/2026 धारा 3,7 ई.सी. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जरूरतमंदों के राशन में हेराफेरी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






















