रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिसरिंटगा से एक महिला अपने मासूम बेटे के साथ अचानक लापता हो गई है। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने और मोबाइल फोन बंद आने पर पति ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई है। पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर से बिना बताए निकली थी महिला, तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिसरिंटगा निवासी राजू टोप्पो (32 वर्ष) ड्राइवरी का काम करते हैं। उनका विवाह लगभग छह साल पहले हुआ था और उनका एक बेटा है। राजू टोप्पो द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी शशिकिरण टोप्पो अपने बेटे ऐशु को साथ लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गईं।
घटना के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, गांव और आसपास के तमाम संभावित इलाकों में दोनों की काफी तलाश की, लेकिन मां-बेटे का कोई पता नहीं चल सका।
फोन बंद आने पर जताई आशंका, पुलिस ने शुरू की विवेचना
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के दिन से ही पत्नी का मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है। हर जगह तलाश करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फिरौती या किसी अन्य आपराधिक उद्देश्य से उनकी पत्नी और बच्चे का अपहरण कर लिया है।
राजू टोप्पो की रिपोर्ट पर धरमजयगढ़ पुलिस ने प्रथम दृष्टया अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस महिला और बच्चे की पतासाजी के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।























