- सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व साइबर थाना की संयुक्त रेड कार्यवाही
- मौके पर तीन महिलाएं मिलीं; मोबाइल, नकदी, दस्तावेज व आपत्तिजनक सामग्री जब्त
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में देह व्यापार के विरुद्ध अभियान स्तर पर सख्त कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में कल 09 फरवरी 2026 को शहर के ‘सनराइज स्पा एंड सैलून’ में अवैध देह व्यापार संचालित होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा द्वारा थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से शाम करीब 7:30 बजे रेड कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के तहत पहले एक पॉइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर स्पा सेंटर भेजा गया। पॉइंटर से संकेत प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिलाओं की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कमरों की तलाशी ली गई, जहां आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने एवं अवैध कमाई के उद्देश्य से लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं। पुलिस द्वारा होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, नगदी 6,000 रुपये (पॉइंटर द्वारा दिया हुआ), स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर एवं किरायानामा (वर्ष 2024 से) जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026, धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। विनयकांत बरगट (उम्र 43 वर्ष), निवासी: कैलाश नगर, भिलाई, जिला दुर्ग और सञ्चालक देवेन्द सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
”रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब जैसे किसी भी अनैतिक एवं अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।”
टीम की भूमिका
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक कोसो सिंह जगत, महिला प्रधान आरक्षक बसंती खुंटे, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल और अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


























