रायगढ़। खरसिया में ट्रक में ट्रेलर का नंबर प्लेट लगाकर धान परिवहन करने वाले गाड़ी मालिक पर शिकंजा कस गया है। मूल नंबर वाले ट्रक का 2019 से टैक्स बकाया है। अब तक दो लाख से ज्यादा राशि बकाया हो चुकी है। परिवहन विभाग अब टैक्स वसूली के लिए नोटिस दे रहा है। खरसिया पुलिस ने शुक्रवार को कपिल शर्मा के ट्रक क्रमांक सीजी 13 एडब्ल्यू 3051 को जब्त किया था। सुमित्रा राइस मिल का डीओ लेकर यह ट्रक धरमजयगढ़ के हाटी केंद्र में पहुंचा था। वहां से धान लेकर मिल में खाली हो रहा था। तभी पुलिस ने छापा मारकर गाड़ी को जब्त कर लिया। ट्रक में सीजी 13 एडब्ल्यू 3051 नंबर प्लेट लगी थी जो एक ट्रेलर की है।
जबकि गाड़ी का असली नंबर सीजी 11 एबी 3370 है। वर्ष 2021 में यह ट्रक शिवरीनारायण निवासी शेख फनी से खरीदा था। वर्ष 2019 से वाहन का रोड टैक्स लंबित है। परिवहन विभाग में पड़ताल की गई तो सात साल का करीब दो लाख रुपए रोड टैक्स बकाया मिला है। पुलिस ने तो धारा 318 (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कार्रवाई की है। लेकिन परिवहन विभाग की कार्रवाई अब शुरू की जा रही है। दो लाख रुपए वसूलने के लिए अब वाहन मालिक के सभी वाहनों की जांच भी की जाएगी।
जीएसटी चोरी भी
मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया में नागरिक आपूर्ति निगम का चावल जमा करने में, एफसीआई के रैक प्वाइंट तक धान पहुंचाने में और खाद परिवहन में ऐसे ही फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन चलते हैं। अभियान चलाकर वाहनों की पड़ताल की जाए तो लाखों का रोड टैक्स वसूला जा सकता है। बिना फिटनेस वाली गाडिय़ों को परिवहन में लगाकर हादसों को न्योता दिया जा रहा है।
इस खबर से संबंधित पढ़िए तीन आर्टिकल


























