रायगढ़। निर्माणाधीन कालोनी से लगी शासकीय भूमि पर काबिज लोगों का कब्जा खाली कराये जाने के लिए कालोनाईजर द्वारा तहसील कार्यालय में दिये गये आवेदन के विरोध में क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए उन्हें बेदखल नहीं किये जाने की गुहार लगाई है। स्थानीय विजयपुर में सांई आनंद विहार कालोनी निर्माणाधीन है। बताया जा रहा है कि कालोनी के आस पास शासकीय भूमि में विगत 30 वर्षों से मकान बना कर रहे रहे हैं। उक्त स्थल के रहवासियों ने सोमवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वे लंबे समय से वहां निवासरत हैं तथा उनके नाम से बिजली कनेक्शन भी है।
इसके अलावा नगर निगम के समस्त टैक्स का भी वे भुगतान कर रहे हैं। सांई आनंद विहार कालोनी के कालोनाईजर द्वारा उनके मकानों को हटवाने के लिए तहसीलदार को आवेदन दिया गया है। चूंकि कच्चे मकान हट जाने पर कालोनी के जमीन का रेट अधिक मिलेगा। यही वजह है कि आर्थिक लाभ के लिए कालोनाईजर द्वारा हमें बेदखल करने के लिए आवेदन दिया गया है। क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि बेदखल कर देने से वे बेघर हो जायेंगे। उन्होंने बेदखली नहीं करने के लिए तहसीलदार को आदेशित करने की मांग की है।

























