छोड़कर सामग्री पर जाएँ

PBKS vs DC: विशेष वंदे भारत से रेस्क्यू होंगे दोनों टीमों के खिलाड़ी, रद्द हो सकता है आईपीएल टूर्नामेंट!

IMG 20250509 WA0009

नई दिल्ली। पाकिस्तान की ओर से गुरुवार रात ताजा मिसाइल हमले और फायरिंग के बाद सुरक्षा की दृष्टि से धर्मशाला में चल रहा दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स का मैच बीच में ही रोक दिया गया। धर्मशाला में ब्लैकआउट के साथ ही हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम (एचपीसीए) की फ्लडलाइट बंद कर दी गईं और सभी खिलाड़ियों को तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। दर्शकों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी गेट खोल दिए गए। बाद में मैच को रद करने का निर्णय किया गया। इस बीच, दिल्ली कैपटिल्स और पंजाब किंग्स के खिलाडि़यों के साथ करीब 300 लोगों को ‘रेसक्यू’ कर दिल्ली लाया जाएगा।  इनमें कमेंटेटर, कैमरामैन व प्रसारण से जुड़े लोग शामिल हैं। इससे पहले, कांगड़ा एयरपोर्ट बंद होने के कारण 11 मई को धर्मशाला में होना वाला मुकाबला अहमदाबाद में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, बीसीसीआई ने आईपीएल पर आपात बैठक बुलाई है। अगर जरूरत पड़ी तो आईपीएल को भी फिलहाल रद किया जा सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब व मुंबई का मैच शिफ्ट होने के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टीमों को धर्मशाला से निकालने के लिए गुरुवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की, जिसके बाद विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाने का निर्णय किया गया है। शुक्रवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी व सभी लोगों को पहले बसों से धर्मशाला से ऊना लाया जाएगा और उसके बाद सभी वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली पहुंचेंगे। यहां से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी यहीं रुकेंगे क्योंकि उनका अगला मुकाबला 11 मई को ही गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। वहीं, पंजाब के खिलाड़ी दिल्ली से विमान से अहमदाबाद पहुंचेगे। गुजरात क्रिकेट संघ के सचिव अनिल पटेल ने बताया कि मुंबई की टीम गुरुवार शाम अहमदाबाद पहुंच गई। पहले मुंबई की टीम को बुधवार को चंडीगढ़ होते हुए फ्लाइट से धर्मशाला पहुंचना था, लेकिन एयरपोर्ट बंद होने के कारण ऐसा नहीं हो सका था।

विदेशी खिलाड़ी लौटना चाहते हैं घर

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते आईपीएल में खेलने वाले विदेशी खिलाड़ियों ने वापस अपने-अपने देश लौटना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार, आईपीएल संचालन समिति विदेशी खिलाडि़यों को उनके देश लौटाने के प्रबंध किए जाने की तैयारी कर रही है। आईपीएल 2025 में दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और इंग्लैंड के करीब 62 खिलाड़ी खेल रहे हैं।

दोनों टीमों को एक-एक अंक

दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच रद होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया। अब पंजाब की टीम 12 मैच में 16 अंक लेकर तीसरे और दिल्ली की टीम इतने ही मैचों में 14 अंक लेकर पांचवें स्थान पर बनी हुई है। जिस समय यह मैच रोका गया, तब पंजाब की टीम ने 10.1 ओवर में एक विकेट पर 122 रन बना लिए थे। प्रियांश आर्य (70) और प्रभसिमरन (50) ने अर्धशतक जड़े।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: