- रायगढ़ लायंस समेत 6 टीमें होंगी शामिल, नए खिलाड़ियों के लिए गोल्डन अपॉर्चुनिटी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में क्रिकेट के रोमांच को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का दूसरा सीजन आगामी जून महीने से शुरू होने जा रहा है। इस बार लीग में कई बड़े और हाईटेक बदलाव देखने को मिलेंगे, जो इसे अन्य घरेलू लीग्स से अलग और खास बनाएंगे।CCPL इस बार एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। घरेलू क्रिकेट लीग में पहली बार डिसीजन रिव्यू सिस्टम (DRS) लागू किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मैचों और IPL जैसे बड़े टूर्नामेंटों में उपयोग किए जाने वाले इस सिस्टम के जरिए अब CCPL में भी हर टीम को तीन रिव्यू मिलेंगे, जिससे वे ग्राउंड अंपायर के फैसलों को चुनौती दे सकेंगी। इससे मैचों में निष्पक्षता और पारदर्शिता का स्तर और भी ऊंचा होगा।
इस बार दर्शकों को सुनने को मिलेगी इंटरनेशनल क्वालिटी की कमेंट्री। आयोजन समिति ने 10 इंटरनेशनल कमेंटेटर्स की सूची तैयार की है, जिनमें से 3 से 4 को फाइनल किया जाएगा। साथ ही, बीसीसीआई पैनल के अनुभवी अंपायर्स को बुलाया जा रहा है, ताकि मैचों की गुणवत्ता का स्तर और भी ऊंचा रखा जा सके। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को इस आयोजन के लिए अपग्रेड किया जा रहा है। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है और फ्री एंट्री के साथ पास सिस्टम भी लागू होगा, जिससे स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को सुगम प्रवेश मिल सके।
6 टीमें होंगी मैदान में
CCPL में इस बार भी 6 टीमें खेलेंगी जिसमें रायपुर राइनोस, बिलासपुर बुल्स, सरगुजा टाइगर्स, बस्तर बाइसनस, रायगढ़ लायंस और राजनांदगांव पैंथर्स। पिछले सीजन के फाइनल में रायपुर राइनोस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर बुल्स को हराया था। इस बार सभी टीमें मजबूत रणनीति और नए तेवर के साथ उतरने को तैयार हैं।

खिलाड़ियों का चयन प्रदर्शन आधारित
इस बार टीमों में उन्हीं खिलाड़ियों को मौका मिलेगा, जिन्होंने पिछले सीजन में दमदार प्रदर्शन किया था। खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बाहर किया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सीधे एंट्री मिलेगी। इससे लीग का प्रतिस्पर्धात्मक स्तर और भी बढ़ेगा।

लाइव टेलीकास्ट और डिजिटल एक्सेस
लीग के सभी मैचों का प्रसारण सोनी टीवी पर किया जाएगा, जिससे घर बैठे दर्शक भी इसका लुत्फ उठा सकेंगे। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी इसके हाइलाइट्स और अपडेट्स उपलब्ध रहेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी राजेश दवे ने बताया, “हम इस बार CCPL को एक ब्रांड के तौर पर स्थापित करने जा रहे हैं। DRS, इंटरनेशनल कमेंटेटर, BCCI अंपायर्स और बेहतरीन स्टेडियम सुविधाओं के साथ यह सीजन यादगार होगा।”
























You must be logged in to post a comment.