रायपुर। नया रायपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्था (IIM) में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली ‘डीजी कॉन्फ्रेंस 2025’ को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। तीन दिन तक चलने वाले इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए राजधानी में सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्थाएँ लागू कर दी गई हैं।
नवा रायपुर में वीवीआईपी आवास की तैयारी
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ठहरने के लिए विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नवा रायपुर स्थित आधिकारिक आवास को चुना गया है। एसपीजी ने आवास परिसर का अधिग्रहण कर सुरक्षा की सभी लेयर को सक्रिय कर दिया है। बंगले के भीतर और बाहर, दोनों जगह विशेष सुरक्षा टीम तैनात कर दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान राजधानी में 500 से अधिक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। रायपुर की जरूरतों को देखते हुए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। इनकी जिम्मेदारी भीड़ नियंत्रण, रूट प्रबंधन और यातायात को सुचारू बनाए रखने की होगी।
डीआईजी प्रशांत अग्रवाल ने दिए निर्देश
संपूर्ण मार्ग व्यवस्था के प्रभारी डीआईजी बस्तर रेंज प्रशांत अग्रवाल ने अधिकारियों और जवानों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि –
- ड्यूटी के दौरान पूर्ण अनुशासन और सतर्कता बनाए रखें।
- सभी अधिकारी निर्धारित वेशभूषा में अपनी पोस्ट पर उपस्थित हों।
- मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों की रोकथाम सुनिश्चित की जाए।
- संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना कंट्रोल रूम तक पहुँचाई जाए।
- यातायात संचालन टीमवर्क के साथ किया जाए ताकि कोई व्यवधान न हो।
भारी वाहनों पर अस्थायी प्रतिबंध
कलेक्टर रायपुर के आदेश अनुसार 28 से 30 नवंबर तक सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक नया रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, ताकि वीवीआईपी रूट निर्बाध रहे।
राजधानी में हाई अलर्ट
कॉन्फ्रेंस को ध्यान में रखते हुए रायपुर में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई- अलर्ट मोड अपना लिया है। IIM परिसर, एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था में ड्रोन मॉनिटरिंग, एंटी-ड्रोन सिस्टम, शहरभर के सीसीटीवी नेटवर्क और स्पेशल इंटेलिजेंस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी।
रायपुर पूरी तरह तैयार
अगले तीन दिनों में रायपुर देशभर के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों और वीवीआईपी मेहमानों की मेजबानी करेगा। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल की सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं और शहर इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए पूरी तरह तैयार है।























