कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम से लापता 24 वर्षीय युवक का शव उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार शाम से तलाश कर रहे थे परिजन
मृतक की पहचान 24 वर्षीय जय कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार, जय कुमार रविवार शाम से ही घर से लापता था। पूरी रात उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला था।
नर्सरी में ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस ने शुरू की जांच
सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब ग्रामीण राकसिपारा डगनिया स्थित नर्सरी की ओर गए, तब उन्होंने जय कुमार का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता देखा। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल बांकीमोंगरा थाना पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आत्महत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की जांच की जा रही है।























