चेन्नई: भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, और भारत की पहली पारी में राहुल महज 16 रन बनाकर आउट हो गए। इस प्रदर्शन के बाद टीम से उनकी जगह पर सवाल उठने लगे हैं।
राहुल को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका मिला था, लेकिन उनके चयन को लेकर पहले से ही आलोचनाएं हो रही थीं। उनके निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब यह अटकलें तेज हो गई हैं कि टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर राहुल का विकल्प खोज चुके हैं। युवा बल्लेबाज सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है, हालांकि उन्हें पहले टेस्ट मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है। सूत्रों के मुताबिक, अगर राहुल दूसरे टेस्ट में भी फ्लॉप रहे, तो सरफराज खान को टीम में शामिल किया जा सकता है।
गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा है। सीरीज के बाद भारत को न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें राहुल का स्थान बरकरार रहना मुश्किल हो सकता है।
16 अक्टूबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होगी, इसके बाद 22 नवंबर से भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा निर्धारित है, जहां 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।























