स्पोर्ट्स: गुरुवार को भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल के संन्यास की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। यह खबर एक वायरल इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से फैली, जिसमें दावा किया गया कि राहुल ने अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया है। इस स्टोरी में कहा गया था कि राहुल ने अपने करियर को समाप्त करने का निर्णय लिया है और यह उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है। वायरल स्टोरी के बाद, एक स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगा, जिसमें राहुल के नाम और वेरिफाइड मार्क के साथ एक भावुक संदेश था।
इस पोस्ट ने फैंस को हिलाकर रख दिया और कई लोग इस खबर को सच मान बैठे। हालांकि, इस खबर का सच बहुत जल्द सामने आया। केएल राहुल ने इस फर्जी स्टोरी और स्क्रीनशॉट की पुष्टि की और स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने संन्यास की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। राहुल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस तरह की कोई भी पोस्ट या स्टोरी नहीं थी।
वास्तव में, केएल राहुल वर्तमान में दिलीप ट्रॉफी 2024 की तैयारियों में जुटे हैं, जो 5-22 सितंबर तक खेली जाएगी। इसके बाद वह बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
इस झूठी अफवाह ने सोशल मीडिया पर उनके फैंस को चिंतित कर दिया, लेकिन राहुल के आधिकारिक बयान ने स्थिति को स्पष्ट कर दिया है।























