Skip to content

Jindal Steel Raigarh में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष आयोजन: पद्मश्री फूलबासन देवी यादव ने साझा की संघर्ष से सफलता की कहानी

जिंदल स्टील रायगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पद्मश्री फूलबासन देवी यादव के साथ महिला शक्ति का सम्मान

महिलाएं हर क्षेत्र में स्थापित कर रही नई पहचान, उद्योग से लेकर समाज तक बढ़ रहा योगदान

रायगढ़। जिंदल स्टील लिमिटेड के रायगढ़ संयंत्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ओपी जिंदल स्कूल परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिंदल स्टील परिवार की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री श्रीमती फूलबासन देवी यादव रहीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं वाहिनी की कमांडेंट श्रीमती निवेदिता पॉल एवं जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पद्मश्री श्रीमती फूलबासन देवी यादव ने अपने जीवन की संघर्षपूर्ण यात्रा को साझा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भरता का मंत्र दिया।

उन्होंने भावुक होकर साझा किया कि जीवन में कई बार ऐसी कठिन परिस्थितियां आईं जब वे पूर्णतः निराश हो गई थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने दृढ़ संकल्प व जुनून के बल पर संघर्ष जारी रखा। उन्होंने कहा कि आज वे न केवल स्वयं आत्मनिर्भर हैं, बल्कि लाखों महिलाओं की आजीविका का सहारा भी बनी हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, आजीविका, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में जिंदल फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि कोई महिला ठान ले, तो वह कोई भी लक्ष्य हासिल कर सकती है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन की कमांडेंट श्रीमती निवेदिता पॉल ने कहा कि आज महिलाओं के लिए परिस्थितियां काफी बेहतर हुई हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए परिवार व समाज का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल ने कहा कि आज की नारी के लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है। महिलाएं उन क्षेत्रों में भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं, जिन्हें पहले केवल पुरुषों के लिए आरक्षित माना जाता था। जिंदल स्टील लिमिटेड के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए महिला शक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन महिलाओं के संघर्ष, योगदान और सामर्थ्य को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज, उद्योग और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिंदल स्टील में भी महिलाएं शॉप फ्लोर से लेकर इंजीनियरिंग और प्रबंधन के स्तर तक अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

श्री रॉय ने कहा कि जिंदल स्टील में महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। कंपनी ऐसे वातावरण के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षित कार्यस्थल मिल सके। उन्होंने बताया कि श्रीमती शालू जिंदल के नेतृत्व में जिंदल फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर सक्रिय है। कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन विभाग के प्रमुख प्रवीण जॉर्ज ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

वेब न्यूज एडिटर

विकास पाण्डेय वर्तमान में रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' के डिजिटल विंग 'kelopravah.news' में न्यूज़ एडिटर के रूप में समाचार लेखन, ग्राउंड रिपोर्टिंग और संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 15 वर्षों के NBFC क्षेत्र के अनुभव के बाद, समय की परिस्थितियों के कारण उन्होंने पत्रकारिता को चुना और 'RIG24 Media Network' जॉइन किया। वहां कार्य करते हुए ही उन्होंने BJMC की प्रोफेशनल डिग्री प्राप्त की और अपनी कार्यकुशलता के दम पर सीनियर न्यूज़ एडिटर के पद तक पहुँचे। अक्टूबर 2021 से वे 'केलो प्रवाह' के वेब पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का कुशल संचालन एवं संपादन कर रहे हैं। विकास विशेष रूप से क्षेत्रीय घटनाक्रमों, जनसरोकार, राजनीति, खेती-किसानी, स्पोर्ट्स, ऑटोमोबाइल और करियर (Job) जैसे विभिन्न विषयों पर पाठकों की रुचि के अनुसार निरंतर और सरल शैली में सक्रिय रूप से लेखन कर रहे हैं।

Share: