जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान शनिवार को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज से बढ़ते ऑनलाइन अपराधों से बचाव को लेकर सवाल पूछा। इस पर कथावाचक ने श्रद्धालुओं को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी देनी चाहिए और थाने में प्राथमिकी दर्ज करानी चाहिए।
हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना देने की सलाह
कथा के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मंच से सवाल किया कि लगातार बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी के मामलों से बचने के क्या उपाय हैं। इसके जवाब में अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कहा कि अगर किसी के साथ ठगी की घटना घटती है, तो पीड़ित को बिना समय गंवाए सबसे पहले 1930 डायल कर मामले की सूचना देनी चाहिए। इसके साथ ही नजदीकी संबंधित थाने में भी विधिवत मामला दर्ज कराया जाना चाहिए।
साइबर जागरूकता अभियान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक ने कथा के मंच से यह सवाल पूछा, ताकि वहां मौजूद बड़ी संख्या में लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।
जानकारी के अनुसार, बम्हनीडीह में अनिरुद्धाचार्य महाराज की नौ दिवसीय कथा चल रही है, जिसमें प्रतिदिन करीब एक लाख लोग पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।






















