धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैच का स्थान बदल दिया गया है। इस फैसले के पीछे की वजह भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव है। 7 मई को भारत ने पाकिस्तान और पीओके इलाकों में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव है। इसी तनाव को देखते हुए 11 मई को धर्मशाला में होने वाले मैच का स्थान बदलने का फैसला किया गया है। धर्मशाला का मैच अब अहमदाबाद में होगा।
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिल पटेल ने मैच को धर्मशाला से शिफ्ट किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला मैच अब अहमदाबाद में शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि, पहले कयास लगाए जा रहे थे कि यह मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में शिफ्ट किया जा सकता है। अहमदाबाद आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स का होम ग्राउंड है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पाकिस्तान की ओर से जवाबी हमले के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने सीमा से सटे राज्यों और शहरों के एयरपोर्ट को अगले कई घंटों के लिए बंद कर दिया है। इन एयरपोर्ट से सभी तरह की सिविल उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। धर्मशाला भी अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 150 किलोमीटर दूर है। ऐसे में वहां के एयरपोर्ट को भी बंद करने का फैसला लिया गया है। यही वजह है कि वहां होने वाले मुंबई और पंजाब के बीच मैच को शिफ्ट कर दिया गया है।
धर्मशाला में 8 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच है। हालांकि, इस मैच पर कोई असर नहीं है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि इस मैच का वेन्यू भी बदल सकता है। लेकिन, पंजाब और दिल्ली के बीच मैच अपने तय शेड्यूल के मुताबिक ही धर्मशाला में होगा।























