छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पुसौर में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
  • योग से गूंजा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर

रायगढ़, 21 जून 2026/ भारत सरकार के निर्देश एवं छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार विकासखंड पुसौर में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। विकासखंड स्तरीय इस कार्यक्रम का आयोजन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसौर के प्रांगण में किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का वातावरण योग, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

योग कार्यक्रम में योग साधक एवं संचालक अभिनव स्कूल के अक्षय सतपथी के मार्गदर्शन तथा राज्य स्तरीय प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षक बेनी उरांव के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान खड़े होकर, बैठकर तथा लेटकर किए जाने वाले अनेक महत्वपूर्ण आसनों का प्रदर्शन और अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने वृक्षासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, वज्रासन, भुजंगासन, हलासन, पवन मुक्तासन एवं शवासन सहित कई योग मुद्राओं का अभ्यास किया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और अन्य प्राणायाम तकनीकों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उपाय भी बताए गए। प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक महत्व एवं दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।

हंसी, संगीत और प्रेरणा के साथ दिया गया स्वस्थ जीवन का संदेश
कार्यक्रम को रोचक एवं प्रेरणादायक बनाने के लिए योग साधक एवं व्याख्याता सुधीर शर्मा ने अपने हास्यपूर्ण अंदाज में उपस्थित लोगों को हंसाकर तनावमुक्त रहने का संदेश दिया। उन्होंने रावण के अभिनय के माध्यम से भी लोगों का मनोरंजन करते हुए जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा दी। वहीं योग साधक अक्षय सतपथी ने ‘बारहखड़ी’ की अनूठी शैली के माध्यम से उपस्थित लोगों को हंसने और खुश रहने की कला समझाई। मास्टर प्रशिक्षक बेनी उरांव ने स्वयं गीत गाकर योगाभ्यास कराया, जिससे पूरा वातावरण ऊर्जा और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के साथ-साथ आनंद और मनोरंजन का भी भरपूर अनुभव प्राप्त किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया नियमित योग अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने उपस्थित सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। मोहित सतपथी ने योग के विविध लाभों का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया तथा शांति मंत्र के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का समापन हुआ। नोडल अधिकारी एवं व्यायाम शिक्षक जितेंद्र साहू द्वारा सभी उपस्थितजनों को स्वादिष्ट चना वितरित किया गया। इस अवसर पर जैमिनी गुप्ता, डिग्री लाल पाइक, घनश्याम पटेल, विजय महाना, भरत षडंगी, संतोष यादव, ललित साहू, विकास होता, अविनाश गुप्ता, वरुण महाना, मंगल साव, श्रवण नायक, अमरबेली केरकेट्टा, प्राचार्यगण, प्रभारी प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: