नई दिल्ली। 5G की दुनिया में इस बार भारत के बड़े टेलीकॉम ऑपरेटरों के लिए कोई ख़ास खुशखबरी नहीं आई। Jio, Airtel और Vodafone-Idea (Vi) जैसी दिग्गज कंपनियां 5G ग्लोबल अवॉर्ड्स 2025 की टॉप लिस्ट से पूरी तरह बाहर रहीं। दूसरी ओर, ब्राजील, साउथ कोरिया और यूरोप की कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाज़ी मार ली है।
ओपनसिग्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील की Vivo ने बड़े एरिया में औसतन 362.1 Mbps की स्पीड के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इसी तरह ब्राजील की Claro और TIM भी टॉप 5G नेटवर्क लिस्ट में शामिल रही। छोटे एरिया वाले देशों में साउथ कोरिया की KT ने 470.7 Mbps की औसत स्पीड के साथ पहला स्थान दर्ज किया।
Opensignal अवॉर्ड्स क्या हैं?
हर साल Opensignal दुनिया की सबसे तेज़ और भरोसेमंद मोबाइल नेटवर्क कंपनियों को 5G अवॉर्ड से सम्मानित करता है। इस बार के अवॉर्ड्स के लिए जनवरी से जून तक अरबों यूज़र्स के स्मार्टफोन से डेटा इकट्ठा किया गया और 5G की स्पीड, कवरेज, गेमिंग और वीडियो अनुभव को ध्यान में रखते हुए विजेताओं की घोषणा की गई।
यूरोप में बढ़ती पकड़
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि यूरोप में 5G नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। पोलैंड की टी-मोबाइल, प्ले और ऑरेंज ने स्पीड में 140.7 Mbps की बढ़ोतरी कर “5G ग्लोबल राइजिंग स्टार” का खिताब अपने नाम किया। नीदरलैंड की Odido ने छोटे एरिया में 151.1 Mbps की औसत स्पीड के साथ पहला स्थान हासिल किया।
कवरेज और गेमिंग में भी आगे हैं कुछ देश
कवरेज की बात करें तो बड़े एरिया में अमेरिका की T-Mobile ने 8.1 स्कोर के साथ लीड किया, जबकि छोटे एरिया में सिंगापुर की Singtel ने 9.1 स्कोर के साथ बाज़ी मारी। गेमिंग और वीडियो अनुभव में जापान की au और सिंगापुर की Singtel सबसे आगे रहीं।
भारत की 5G रेस में पिछड़ने की चेतावनी
इन नतीजों से साफ है कि ग्लोबल स्तर पर 5G सेवाओं की रेस में भारत अभी पीछे है। जबकि ब्राजील, साउथ कोरिया और यूरोप की कंपनियां इस क्षेत्र में बड़ी छलांग लगा रही हैं, भारत को इस रेस में क़दम तेज़ करने की जरूरत है।


























