रायपुर। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर में खेला जाएगा। मुकाबले के रोमांच को देखते हुए दर्शकों की भारी भीड़ की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था जारी की है, ताकि मैच के दौरान शहर में यातायात सुगम रहे और स्टेडियम पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रायपुर शहर से स्टेडियम जाने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53 और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नया रायपुर मार्ग से आगे बढ़ने की सलाह दी गई है। स्टेडियम से पैदल पहुंचने की सुविधाजनक व्यवस्था को देखते हुए उन्हें साईं अस्पताल रोड स्थित साईं अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग में वाहन पार्क करना होगा।
इसी तरह बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शक बिलासपुर–रायपुर हाईवे से धनेली नाला, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक और राजू ढाबा जंक्शन के रास्ते नेशनल हाईवे-53 से होते हुए मंदिर हसौद और नवागांव मार्ग से स्टेडियम टर्निंग पहुंचेंगे। उनके लिए पूर्व दिशा में परसदा पार्किंग और कोसा पार्किंग निर्धारित की गई है। बलौदाबाजार–खरोरा की दिशा से आने वाले दर्शकों को भी विधानसभा ओवरब्रिज और रिंग रोड-03 होकर वही मार्ग लेने की सलाह दी गई है जो बिलासपुर मार्ग से आने वालों के लिए तय किया गया है। धमतरी–जगदलपुर से अभनपुर की ओर बढ़ते हुए केन्द्री, उपरवारा, मंत्रालय (डीडीयू) चौक और कोटराभाठा चौक होकर दर्शक सेंध तालाब और साईं अस्पताल पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
दुर्ग–भिलाई की ओर से स्टेडियम आने वाले दर्शक टाटीबंध, रिंग रोड-01, पचपेढ़ीनाका और तेलीबांधा थाना तिराहा होते हुए वही मार्ग पकड़ेंगे जो शहर से आने वालों के लिए निर्धारित है। इसी प्रकार महासमुंद–सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग जाने की सुविधा की गई है, जहाँ आगे परसदा और कोसा पार्किंग उपलब्ध कराई गई है। पासधारी वाहनों के लिए विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग पास A से G तक जारी किए गए वाहनों को सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर प्रवेश मार्ग से स्टेडियम टर्निंग होते हुए डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक और कोटराभाठा चौक की ओर बढ़ते हुए सेंध, सेक्टर-04/10 से सीधे स्टेडियम पार्किंग पहुँचने की अनुमति होगी।
मैच के दिन सुरक्षा कारणों से नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि असुविधा से बचा जा सके। स्टेडियम में प्रवेश को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। शराब, बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू, माचिस, लाइटर जैसे ज्वलनशील पदार्थों के साथ बोतलें, टिफिन, वाद्य यंत्र, छाता, स्टूल, रूल, ब्लेड, स्केट्स, डंडे, झंडे, कैची, चाकू, हथियार समेत किसी भी प्रकार की खतरनाक वस्तु पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खाद्य पदार्थों का प्रवेश बच्चों के भोजन को छोड़कर वर्जित किया गया है। कांच के कंटेनर, हैंड बैग, सूटकेस, लेडीज़ बैग, कागज़ के पैकेट, लैपटॉप, हैंडीकैम, लेजर व फ्लैश लाइट, स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल,
फुग्गे, खिलौना गेंद, सीटी, हॉर्न और प्रचार सामग्री भी स्टेडियम के अंदर नहीं ले जाई जा सकेगी। दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए सभी प्रकार के सिक्के तक प्रतिबंधित रखे गए हैं। यातायात पुलिस ने सभी दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, पार्किंग व्यवस्था का उपयोग करें और प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम पहुंचें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन करने से न केवल भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि दर्शक बिना किसी परेशानी के रोमांचक मुकाबले का लुत्फ उठा सकेंगे।

























