भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। आज दोनों टीमें करारा ओवल, गोल्ड कोस्ट के मैदान पर आमने-सामने होंगी। फिलहाल सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, इसलिए यह चौथा मुकाबला दोनों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। जो टीम आज जीतेगी, वह सीरीज अपने नाम करने की ओर एक कदम आगे बढ़ जाएगी। भारतीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 1:45 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 1:15 पर होगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों में होंगे बदलाव
भारतीय टीम में आज एक अहम बदलाव देखने को मिलेगा। कुलदीप यादव को टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए टीम से रिलीज कर दिया गया है, ऐसे में आज उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड को स्क्वॉड से बाहर किया है। अच्छी खबर यह है कि ग्लेन मैक्सवेल चोट से उबरकर आज मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
हेड-टू-हेड में भारत का पलड़ा भारी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 35 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 21 और ऑस्ट्रेलिया ने 12 मैच जीते हैं। वहीं अगर सिर्फ ऑस्ट्रेलिया की सरजमीन की बात करें तो वहां भारत ने अब तक चार टी20 सीरीज खेली हैं जिनमें से दो भारत ने जीतीं, जबकि दो ड्रॉ रहीं। यानी अब तक ऑस्ट्रेलिया भारत को घर पर सीरीज नहीं हरा पाया है।
अभिषेक शर्मा बने टीम इंडिया के ‘रन मशीन’
भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक सीरीज में 112 रन बना लिए हैं और टीम के टॉप स्कोरर हैं। पिछले मैच में उनके आक्रामक अर्धशतक ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने अब तक चार विकेट झटके हैं और वह सबसे सफल भारतीय गेंदबाज रहे हैं।
कहां देखें लाइव मैच?
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया चौथा T20 मैच आप JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर लाइव देख सकते हैं. इसके लिए आपके पास एक्टिव सब्सक्रिप्शन होना जरूरी है. टीवी दर्शकों के लिए भी अच्छी खबर है, यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के चैनलों पर सीधा प्रसारित किया जाएगा. मैच के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श पर निगाहें टिकी रहेंगी.
मौसम अपडेट: राहत की खबर
फैंस के लिए खुशखबरी है कि गोल्ड कोस्ट में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और पूरा मैच देखने को मिल सकता है। पिछली बार की तरह मौसम खेल नहीं बिगाड़ेगा।
संभावित प्लेइंग XI
भारत:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया:
मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जैवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशस, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नमन।























