नई दिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था और आम आदमी की रसोई के बजट के बीच अब ‘पीली धातु’ ने एक ऐसा तूफान खड़ा कर दिया है, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की भावुक अपील के बाद, केंद्र सरकार ने अचानक एक बड़ा नीतिगत प्रहार करते हुए सोने और चांदी पर लगने वाले आयात शुल्क (Import Duty) में भारी इजाफा कर दिया है। सरकार के इस अप्रत्याशित फैसले ने घरेलू बाजार में कीमतों को ‘रॉकेट’ बना दिया है, जिससे शादियों के इस भारी सीजन में आम आदमी के सपनों पर महंगाई का बड़ा बम फूटा है।
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने और मध्य-पूर्व के युद्ध से उपजे वैश्विक संकट को देखते हुए सोने पर प्रभावी आयात शुल्क को 6 फीसदी से बढ़ाकर सीधा 15 फीसदी कर दिया है। सरकार का तर्क है कि विदेशों से सोना मंगाने के लिए भारी मात्रा में डॉलर खर्च करने पड़ते हैं, जिससे देश के व्यापार घाटे पर दबाव बढ़ता है। हालांकि, इस फैसले का तत्काल और कड़ा असर बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर देखने को मिला, जहां कारोबार खुलते ही सट्टेबाजों और खरीदारों के बीच हड़कंप मच गया।
बाजार के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने ने एक ही दिन में करीब 11,055 रुपये प्रति 10 ग्राम की ऐसी छलांग लगाई, जिसने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। 10 ग्राम सोने का भाव जो कल तक ₹1.53 लाख के आसपास था, वह आज ₹1.64 लाख के डरावने स्तर को पार कर गया है। चांदी की स्थिति तो और भी भयावह है। यह सफेद धातु अब ₹3 लाख प्रति किलो के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गई है, जो कल के मुकाबले ₹22,367 महंगी हुई है। इस भयंकर तेजी के कारण छत्तीसगढ़ के रायपुर और रायगढ़ जैसे शहरों में सर्राफा व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों में भारी चिंता देखी जा रही है।
ज्वेलर्स का मानना है कि इतनी भारी कीमत वृद्धि के बाद अब मध्यम वर्ग के लिए जेवर खरीदना लगभग नामुमकिन हो गया है। हालांकि, एक राहत की बात यह है कि यह मौजूदा भाव अभी भी जनवरी के ‘लाइफ टाइम हाई’ यानी ₹2.02 लाख से नीचे हैं, लेकिन मौजूदा उछाल की गति ने पूरे देश के निवेश बाजार को हिलाकर रख दिया है। विशेषज्ञों की मानें तो यदि डॉलर के मुकाबले रुपया इसी तरह कमजोर बना रहा, तो आने वाले समय में सोने की चमक आम आदमी के लिए और भी धुंधली हो सकती है।
प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमतें
देश के अलग-अलग हिस्सों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखा जा रहा है। दिल्ली, जयपुर, लधियाना, कानपुर, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम, चंडीगढ़, लखनऊ, मेरठ और अयोध्या जैसे शहरों में 24 कैरेट (10 ग्राम) सोने का भाव ₹1,68,040 के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, चेन्नई में यह भाव ₹1,68,000 के आसपास बना हुआ है।
दूसरी ओर, मुंबई, कोलकाता, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, कटक, नागपुर, बेंगलोर, केरल, रायपुर और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में सोने की कीमत ₹1,67,890 दर्ज की गई है। इसके अलावा, इंदौर, अहमदाबाद, पटना, सूरत और वडोदरा में सोने का भाव ₹1,67,940 चल रहा है, जबकि नासिका में यह ₹1,67,920 के करीब है। इन आंकड़ों से साफ है कि देश के लगभग सभी बड़े केंद्रों में सोने की चमक ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छू रही है।























