छोड़कर सामग्री पर जाएँ

प्रेमी ने पार्क बुलाकर गर्लफ्रेंड का रेता गला! दम तोड़ने से पहले कागज पर लिख गई कातिल का नाम

PhotoE0A59EE0A580E0A49AE0A4B0

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के बीच स्थित नेहरू पार्क में एक युवती को उसके ही प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। हत्या की वजह महज एक शक थी। आरोपी को अपनी प्रेमिका के किसी अन्य युवक से संबंध होने का संदेह था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया, लेकिन मरणासन्न हालत में भी युवती ने जिस तरह से अपनी आखिरी ताकत जुटाकर आरोपी का नाम लिखा, उसने पुलिस को तुरंत तक पहुंचने में मदद की।

पार्क के भीतर सरेआम हुआ खूनी खेल
घटना रविवार शाम करीब 8 बजे की है। नेहरू पार्क, जो आमतौर पर शहर के लोगों के टहलने और सुकून के दो पल बिताने की जगह है, उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठा। लटोरी की रहने वाली 19 वर्षीय राधिका राजवाड़े सूरजपुर में एक एडवोकेट के घर रहकर घरेलू सहायिका का काम करती थी। रविवार की शाम वह बिना किसी को बताए घर से निकली और नेहरू पार्क पहुंच गई।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, राधिका को किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी रितेश राजवाड़े ने ही फोन कर पार्क में बुलाया था। पार्क के भीतर पहुंचते ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे रितेश ने घात लगाकर राधिका पर हमला कर दिया। उसने धारदार चाकू से राधिका के गले पर ऐसा वार किया कि चाकू आर-पार हो गया। इसके बाद आरोपी लहूलुहान हालत में तड़पती युवती को छोड़कर अपनी बाइक से मौके से फरार हो गया।

जान बचाने के लिए दौड़ी, पर नहीं बची सांस
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राधिका ने जिंदगी की आखिरी जंग लड़ी। वह अपनी जान बचाने के लिए पार्क के भीतर कुछ दूर तक भागी, लेकिन गहरे जख्म और अत्यधिक खून बह जाने के कारण वह जमीन पर गिर पड़ी। पार्क में मौजूद लोगों ने जब खून से लथपथ युवती को देखा, तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और स्थानीय लोगों की मदद से उसे फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

मौत से पहले कागज पर लिखा कातिल का नाम
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाए जाने के बाद राधिका की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। गले पर गंभीर और गहरे घाव होने के कारण वह कुछ भी बोल पाने में असमर्थ थी। पुलिस लगातार उससे घटना के बारे में जानना चाहती थी, लेकिन उसकी आवाज पूरी तरह रुंध चुकी थी। ऐसे में जिंदगी की आखिरी सांसें गिन रही राधिका ने इशारे से अपने पास मौजूद लोगों से कागज और पेन मांगा। कागज़ पर उसने अपने ऊपर हमला करने वाले का नाम लिखा। इसके कुछ ही देर बाद, रात करीब 10:30 बजे इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी सांसें थम गईं। इस नृशंस हत्या की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और रिश्तेदार रोते-बिलखते अंबिकापुर पहुंच गए।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, नशे में था आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने तुरंत नेहरू पार्क और उसके आसपास के रास्तों के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। हालांकि मौके पर मौजूद लोग हमलावर को साफ तौर पर पहचान नहीं पाए थे, लेकिन पुलिस की तकनीकी टीम और सीसीटीवी सर्विलांस ने आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ कर दिया। फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावर की पहचान करवां निवासी रितेश राजवाड़े के रूप में हुई। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देते हुए देर रात ही आरोपी रितेश को अपनी हिरासत ले लिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब आरोपी को पकड़ा गया तब वह नशे की हालत में था। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रितेश और राधिका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से रितेश के मन में यह शक घर कर गया था कि राधिका के संबंध किसी अन्य युवक से भी हैं। इसी शक और अंधी जेर के चलते उसने खौफनाक साजिश रची, राधिका को पार्क में बुलाया और उसके गले पर चाकू से वार कर उसकी जिंदगी छीन ली।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहराई से कानूनी पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में भरोसे की कमी और बढ़ते गुस्से के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: