गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह के एक साल बाद ही एक दंपति ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में शादीशुदा जोड़े की सोमवार सुबह फांसी पर लटकी लाश मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पति के फांसी लगाने के कुछ घंटों बाद पत्नी ने भी उसी रास्ते को चुनकर अपनी जान दे दी। आखिर ऐसा क्या हुआ कि इस नवदंपति को इतना भयावह कदम उठाना पड़ा, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है।
एक साल पहले हुई थी प्रेम शादी
जानकारी के अनुसार, भेजीपदर गांव निवासी मिलाप ध्रुव और उनकी पत्नी मंजुला ध्रुव ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था और दोनों खुशी-खुशी रह रहे थे। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मिलाप ने किसी अज्ञात वजह से आहत होकर पहले जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उसमें असफल रहा। बीती रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के गम या किसी अन्य अज्ञात कारण से विचलित मंजुला ने भी सोमवार सुबह उसी फंदे से झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गांव वालों को जब इसका पता चला तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, सुलझेगी गुत्थी?
सूचना मिलते ही अमलीपदर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर दोनों शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों परिवारों और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या इस आत्मघाती कदम के पीछे कोई और बड़ी वजह है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है ताकि इस दोहरी आत्महत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।






















