- धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार में स्थित हैं खदानें, जंगलों का होगा सफाया
रायगढ़, (केलो प्रवाह)। कोयला मंत्रालय ने नीलामी के लिए कोल ब्लॉक्स की नई सूची जारी कर दी है। सीएमएसपी एक्ट के तहत 26 वें और एमएमडीआर एक्ट के तहत 16 वें राउंड की नीलामी में 25 कोल ब्लॉक हैं जिसमें पांच रायगढ़ जिले से हैं। एक कोयला खदान को दूसरी बार नीलामी के लिए लाया गया है। देश में कोल ब्लॉकों की नीलामी में सबसे ज्यादा फोकस मांड रायगढ़ कोलफील्ड्स पर है। केंद्र सरकार ने नए कोल ब्लॉक पहचान कर नीलामी के लिए आगे किया है। कोयला मंत्रालय ने कुल 26 ब्लॉक्स को नीलामी के लिए सूचीबद्ध किया है।
लिस्ट में ओडिशा की 4, झारखंड की 4, महाराष्ट्र की 2, छत्तीसगढ़ की 5, पश्चिम बंगाल की 2, तेलंगाना की 2, मध्यप्रदेश की 3 और बिहार की 3 कोयला खदानों को प्रस्तुत किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि छत्तीसगढ़ से जिन पांच कोल ब्लॉकों को चुना गया है, वे सभी रायगढ़ जिले में ही हैं। दूसरे जिलों की एक भी खदान इसमें शामिल नहीं है। रायगढ़ जिले से झारपालम टांगरघाट, ग्राम कारीछापर वेस्ट, नवागांव ईस्ट, नवागांव वेस्ट और बायसी को नीलामी के लिए सूचीबद्ध किया गया है। 10 नवंबर 2026 को टेक्निकल बिड खोली जाएंगी। 3 दिसंबर से 10 दिसंबर के बीच इलेक्ट्रॉनिक ऑक्शन किया जाएगा।
करीब 50 वर्ग किमी क्षेत्र होगा साफ
इन पांचों कोल ब्लॉक के अंदर करीब 50 वर्ग किमी क्षेत्रफल की जमीन प्रभावित होने वाली है। धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार में कृषि भूमि और जंगल तबाह होंगे। वर्तमान में प्रत्येक कोल ब्लॉक में ग्रामीणों का विरोध हो रहा है। इन पांचों नए कोल ब्लॉक्स की नीलामी के बाद डेवलपमेंट आसानी से हो पाएगा, कहना मुश्किल है।
कोल ब्लॉक और क्षेत्रफल
झारपालम टांगरघाट – 11.64 वर्ग किमी
बायसी – 5.39 वर्ग किमी
नवागांव ईस्ट – 14.06 वर्ग किमी
नवागांव वेस्ट – 9.42 वर्ग किमी
कारीछापर वेस्ट – 7.86 वर्ग किमी






















