रायगढ़। फायनेंस कंपनी में कार्यरत कलेक्शन एजेंट द्वारा लोन क्लोज करने के नाम पर बकाया रकम जमा कराते हुए 39 हितग्राहियों के लगभग 9 लाख 20 हजार रूपए गबन कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने एजेंट के विरूद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त वाकया खरसिया चौकी क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भारत फायनेंस कंपनी के खरसिया ब्रांच के मैनेजर महेन्द्र कुमार जायसवाल ने खरसिया चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि
जांजगीर चांपा जिले के ग्राम मेहंदी निवासी चन्द्रहास पटेल माह जुलाई 2023 से सितम्बर 2024 तक उनकी शाखा में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत था। इस दौरान उसने तकरीबन 39 महिला हितग्राहियों से किश्त एवं लोन क्लोज करने के नाम पर लोन की बकाया रकम एक मुस्त जमा लिया था परंतु कंपनी में जमा नहीं किया था। इस बात की जानकारी मिलने पर सभी महिला हितग्राहियों ने कंपनी प्रबंधन से लिखित शिकायत की गई। शिकायत पर पाया गया कि चन्द्रहास पटेल ने सभी 39 हितग्राहियों से लगभग 9 लाख 20 हजार रूपए जमा करवा कर गबन कर लिया है। जब इस विषय में चन्द्रहास पटेल से मोबाईल पर संपर्क किया गया तब उसने लिये गये पैसे कुछ दिनों में जमा कर दिये जाने की बात कही थी।
वहीं उसके द्वारा राशि जमा नहीं किये जाने पर फिर से संपर्क साधने का प्रयास किया गया, लेकिन चन्द्रहास का मोबाईल लगातार बंद आ रहा है। आखिरकार शाखा प्रबंधक ने तदाशय की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने भारत फायनेंस कंपनी के खरसिया शाखा प्रबंधक महेन्द्र कुमार जायसवाल की रिपोर्ट पर आरोपी चन्द्रहास पटेल के विरूद्ध अमानत में खयानत का अपराध पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।























