- कयाघाट में नए पुल के एप्रोच रोड की जद में आ रहा मकान भी, तहसीलदार ने दिया नोटिस
रायगढ़। रायगढ़ भी कमाल है, सरकारी जमीन पर कब्जा करके लोग बिल्डिंग खड़ी कर देते हैं। सिर्फ यही नहीं उस भवन को किराए पर देकर हर महीने हजारों रुपए की कमाई भी करते हैं। ऐसा ही मामला केलो विहार कॉलोनी में सामने आया जहां एक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर मकान बनाकर उसे कर्मचारी राज्य बीमा निगम को किराए पर दिया है। अब यह जमीन कयाघाट के नए पुल के एप्रोच रोड में आ रही है। कयाघाट में 8.22 करोड़ की लागत से सेतु विभाग नए पुल का निर्माण करने जा रहा है। ठेकेदार ने काम प्रारंभ कर दिया है। पुराना रपटा पुल जर्जर होने और बारिश में डूबने के कारण नए पुल को मंजूरी दी गई। पुल से केलो विहार कॉलोनी की तरफ एप्रोच रोड लंबी बनाई जाएगी ताकि ऊंचाई को संतुलित किया जा सके।
सीमांकन किया गया तो नए पुल की सीध में एक मकान आ रहा था। खसरा नंबरों की तस्दीक की गई तो पता चला कि यह सरकारी जमीन है। करीब 5000 वर्गफुट जमीन पर मकान बनाकर कमर्शियल यूज भी किया जा रहा है। यहां मकान के बड़े हिस्से पर कर्मचारी राज्य बीमा निगम का दफ्तर संचालित है जिससे हर महीने 20 हजार रुपए किराया वसूला जा रहा है। इतना सबकुछ सरकारी जमीन पर चल रहा था और किसी को पता ही नहीं चला। तहसीलदार रायगढ़ ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। मकान मालिक ने खुद ही कब्जा हटाने पर सहमति दी है। अतिक्रमण नहीं हटा तो फिर बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।


























