छोड़कर सामग्री पर जाएँ

मृत बछड़े को दफनाने पर मिले पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद, पिता-पुत्र ने युवक की पीट-पीटकर हत्या की, गिरफ्तार

IMG 20260813 WA0009

जशपुर। मृत बछड़े को दफनाने के एवज में मिले पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मामला थाना सन्ना क्षेत्र का है, जहां पिता-पुत्र ने कथित तौर पर लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से गांव के ही एक व्यक्ति के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किए हैं।

घटना कब और कैसे हुई

ग्राम कंदराई पाठ, थाना सन्ना निवासी अघनू राम कोरवा (36) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अगस्त की सुबह गांव के ही फगुआ राम कोरवा और उनके बेटे बृजनाथ राम कोरवा लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। उसी दिन उनका भाई, मृतक फगुआ राम, भी अपनी पत्नी के साथ लकड़ी बेचने सन्ना पहुंचा था। रिपोर्ट के अनुसार इसी दौरान सन्ना के एक व्यक्ति राजू ने आरोपियों से अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए कहा था, जिसे आरोपियों ने दफना दिया और इसके बदले उन्हें कुछ रुपये मिले थे।

पंचायत भवन के पास हुई थी झड़प

रिपोर्ट के मुताबिक पंचायत भवन सन्ना के पास आरोपियों और मृतक फगुआ राम की मुलाकात हुई, जहां मृतक ने बछड़े को दफनाने पर मिले रुपयों में अपने हिस्से की मांग की। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अपने पास रखे लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से मृतक के सिर पर वार कर दिया। इससे फगुआ राम बेहोश हो गया। इलाज के लिए एंबुलेंस से जशपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

धारा 103(1) के तहत दर्ज हुआ मामला

रिपोर्ट पर थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर की चोट को मौत का कारण बताते हुए मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में अपराध स्वीकार, गिरफ्तार।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों में फगुआ राम कोरवा (50) और उनका बेटा बृजनाथ राम कोरवा (21) शामिल हैं, दोनों ग्राम कंदराई पाठ, थाना सन्ना, जशपुर के निवासी हैं। मृतक का नाम भी संयोग से फगुआ राम (30) था, वह भी इसी गांव का निवासी था। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जब्त किया गया है।

कार्रवाई में शामिल टीम

मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की भूमिका रही।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: