- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे वर्चुअल शुभारंभ; मां महामाया एयरपोर्ट से महानगरों के लिए उड़ेंगे विमान
अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के लिए 30 मार्च 2026 का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अंबिकापुर) से देश के प्रमुख महानगरों दिल्ली एवं कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल सुबह 10:00 बजे रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। अंबिकापुर के पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
फ्लाइट शेड्यूल: हफ्ते में दो-दो दिन की सुविधा
नई हवाई सेवा के अंतर्गत एलायंस एयर (Alliance Air) द्वारा 72-सीटर एटीआर (ATR-72) विमान संचालित किया जाएगा। इसका विस्तृत शेड्यूल इस प्रकार है:
1. दिल्ली-अंबिकापुर फ्लाइट (सोमवार और बुधवार):
- सोमवार: सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। वहां से 10:50 बजे रवाना होकर 11:35 बजे अंबिकापुर आएगी। वापसी में यही फ्लाइट दोपहर 12:05 बजे अंबिकापुर से उड़कर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
- बुधवार: सुबह 7:50 बजे दिल्ली से सीधी फ्लाइट 10:25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। फिर 10:50 बजे अंबिकापुर से निकलकर 11:35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 12:00 बजे उड़कर 2:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
2. कोलकाता-अंबिकापुर फ्लाइट (गुरुवार और शनिवार):
- शनिवार: सुबह 7:05 बजे कोलकाता से उड़कर 8:55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। वहां से 9:20 बजे रवाना होकर 10:00 बजे अंबिकापुर आएगी। इसके बाद 10:25 बजे अंबिकापुर से उड़कर 12:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
- गुरुवार: सुबह 7:05 बजे कोलकाता से सीधी फ्लाइट 8:50 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। फिर 9:15 बजे अंबिकापुर से निकलकर 9:55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 10:20 बजे उड़कर 12:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
विकास को मिलेंगे नए पंख
सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के नाते अंबिकापुर एक प्रमुख प्रशासनिक और शैक्षणिक केंद्र है। हवाई सेवा शुरू होने से मैनपाट, तातापानी जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही, गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों तक ले जाने में आसानी होगी और स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी।
डीजीसीए मानकों पर तैयार हुआ एयरपोर्ट
केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ (UDAN) योजना के तहत मां महामाया एयरपोर्ट का विकास किया गया है। 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है। लगभग 48.25 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल भवन का उन्नयन किया गया है, जहां 72 यात्रियों के बैठने और 100 वाहनों की पार्किंग की अत्याधुनिक व्यवस्था है। एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए फोरलेन सड़क का निर्माण भी पूरा हो चुका है।


























