जशपुरनगर। जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के बोड़ाछापर गांव में बीते दिनों 70 वर्षीय बुजुर्ग चुगरू प्रधान की हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर जशपुर पुलिस ने इस अंधे कत्ल की पेचीदे गुत्थी को सुलझाते हुए मृतक की बहू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पारिवारिक रंजिश के चलते बहू ने ही अपने ससुर की हत्या की योजना बनाई थी। विगत 4 जुलाई की सुबह ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान का शव उन्हीं के घर में मिला। शव के हाथ-पैर बंधे थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मौके पर पहुंची दुलदुला पुलिस ने एफएसएल व डॉग स्क्वॉड की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत विशेष टीमें बनाकर छानबीन शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक की बहू सुगंती बेसरा (36) से उसकी लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी गुस्से में उसने अपने तीन परिचितों साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 3-4 जुलाई की मध्यरात्रि आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे, दरवाजा खुलवाकर लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से पीटा, फिर हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी भाग निकले, लेकिन साइबर सेल व मुखबिरों की सक्रियता और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए। कोर्ट में पेश कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, ‘जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम करती है। हर गंभीर वारदात का वैज्ञानिक व त्वरित खुलासा कर दोषियों को सजा दिलाना हमारी प्राथमिकता है।’ इस कार्रवाई में एएसपी राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर, दुलदुला थाना पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम की अहम भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई पर विश्वास जताया है कि अब अपराधियों को जल्द-जल्द सजा मिलेगी। गांव में शोक की लहर है, पर कानून का हाथ मजबूत देखकर राहत भी है।






















