बिलासपुर। बारिश के मौसम में जहरीले जीवों का खौफ किस कदर बेगुनाह लोगों पर मंडरा रहा है, इसकी खौफनाक बानगी बिलासपुर से सामने आई है। नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में उस वक्त चीख-पुकार और भगदड़ मच गई, जब एक ग्राहक सब्जी के ढेर से करेला छांट रहा था और वहीं छिपकर बैठा नागराज अचानक फन फैलाकर बाहर निकल आया। इससे पहले कि कोई संभल पाता, कोबरा ने युवक के पैर में डस लिया। वारदात के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग सब्जियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।
खरीदारी के दौरान अचानक हुआ नागराज का हमला
मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई निवासी बिहारी साहू मंगलवार को नेहरू नगर के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। वे एक सब्जी विक्रेता के पास रुके और टोकरी में रखे करेले के ढेर से करेला पसंद करने लगे। उसी दौरान ढेर के बीच छिपकर बैठे जहरीले कोबरा ने उन पर हमला कर दिया और सीधे पैर में डस लिया। सांप के काटते ही बिहारी साहू चीख पड़े। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लहूलुहान और बदहवास स्थिति में पड़े युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सिम्स (CIMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
झाड़ियों से निकलकर करेले के ढेर में जा छिपा था सांप
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जिस जगह पर सब्जी बाजार लगता है, उसके ठीक पास घनी झाड़ियां हैं। आशंका जताई जा रही है कि बारिश की वजह से झाड़ियों में पानी भरने पर कोबरा वहां से निकला और बिना किसी की नजर में आए सब्जी विक्रेता के करेले के ढेर में जाकर बैठ गया। सब्जी बेचने वाले को भी इस बात की भनक नहीं लग सकी कि उसकी दुकान पर साक्षात मौत छिपकर बैठी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, बरसात में सतर्कता की दरकार
घटना के दौरान बाजार में मौजूद कुछ लोगों ने करेले के ढेर के बीच फन फैलाए बैठे कोबरा का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मानसून की दस्तक के साथ ही ऐसे जहरीले जीवों का बिलों से बाहर निकलना आम हो जाता है। केलो प्रवाह अपने सभी पाठकों से अपील करता है कि बरसात के इस सीजन में सब्जी मंडियों, खेत-खलिहानों, झाड़ियों और नमी वाली जगहों पर बेहद सतर्क रहें। किसी भी चीज को उठाने या छूने से पहले एक बार अच्छी तरह जांच-परख जरूर कर लें।






















