रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर बौद्ध धर्मावलम्बियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण एक ही तिथि को होना इस दिन को वैश्विक स्तर पर अत्यंत महत्वपूर्ण बनाता है। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध ने समाज को अहिंसा, समानता और विश्व बंधुत्व का जो मार्ग दिखाया, वह आज के दौर में भी प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि बुद्ध की शिक्षाएं भौगोलिक सीमाओं को पार कर चुकी हैं। आज विदेशों में भी करोड़ों अनुयायी उनके बताए मार्ग पर चलकर शांति और मानवता की सेवा कर रहे हैं। श्री साय ने कहा कि गौतम बुद्ध के उपदेश किसी एक कालखंड के लिए नहीं, बल्कि हर युग के लिए मार्गदर्शक हैं। उनकी शिक्षा हमें विपरीत परिस्थितियों में भी संयम और धैर्य के साथ आगे बढ़ने का साहस प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हमें बुद्ध के जीवन मूल्यों को अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि तथागत के विचार एक आदर्श समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में हमेशा सहायक सिद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा और प्रेम की धारा छत्तीसगढ़ के जन-जीवन को सदैव आलोकित करती रहे।























