Skip to content

“शिशु संरक्षण माह” का शुभारंभ, 12 बीमारियों से बचाव हेतु बच्चों को लगेगा टीका, हर मंगलवार-शुक्रवार लगेंगे सत्र, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान

IMG 20260317 WA0006

रायगढ़, 17 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिले में “शिशु संरक्षण माह” का जिला स्तरीय शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गाँधीनगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर एवं बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 21 अप्रैल 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी सत्रों में भाग लेकर बच्चों एवं माताओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को 12 जानलेवा बीमारियों तथा टेटनस से बचाव हेतु टीकाकरण किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा ने जानकारी देते हुए बताया कि “शिशु संरक्षण माह” के दौरान जिले के सभी विकासखण्डों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन सत्रों में दी जाने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल ने बताया कि विटामिन ‘ए’ की खुराक प्रत्येक 6 माह में एक बार लेने से बच्चों में रतौंधी, दस्त, श्वांस, संक्रमण, बुखार एवं कुपोषण की संभावना कम होती है तथा उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में पार्षद श्री अमरनाथ रात्रे, श्री सुरज मिरी, श्री रोशन कुर्रे, डॉ. सोनाली मेश्राम, डॉ. जी.एस. पैंकरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: