छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छत्तीसगढ़ की ‘ड्रोन वाली दीदी’: निरूपा साहू ने आसमान की ऊँचाइयों से आत्मनिर्भरता की पेश की मिसाल

IMG 20240909 WA0038

बलौदाबाजार: बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम लाहोद की निरूपा साहू ने महिला सशक्तिकरण की नई दिशा दिखाते हुए ‘ड्रोन वाली दीदी’ के नाम से ख्याति प्राप्त की है। ‘नमो ड्रोन दीदी योजना’ के तहत ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग प्राप्त कर निरूपा ने अपनी दक्षता को एक नई ऊँचाई दी है। निरूपा साहू, जिन्होंने 12वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है, हमेशा से कुछ अलग और बड़ा करने की ख्वाहिश रखती थीं। वैभव लक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग का अवसर मिला। ग्वालियर इंस्टीट्यूट से 15 दिन की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद निरूपा ने आरपीसी लाइसेंस प्राप्त किया और अब वह गांव में किसानों के खेतों में दवाई छिड़काव का काम करती हैं।

ड्रोन की सहायता से निरूपा अब 300 रुपये प्रति एकड़ के चार्ज पर दवाई छिड़काव करती हैं। उनके इस प्रयास से अब तक 80 एकड़ खेतों में छिड़काव हो चुका है और उन्होंने 25,000 रुपये की आमदनी की है। निरूपा की इस सफलता ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया है, बल्कि गांव के किसानों को भी इसका लाभ मिला है। किसान परमेश्वर वर्मा के अनुसार, पहले दवाई छिड़काव में समय और पैसे की काफी बर्बादी होती थी, लेकिन अब ड्रोन की मदद से यह काम कुछ ही मिनटों में और अधिक प्रभावी तरीके से हो जाता है।

निरूपा की सफलता के पीछे केंद्र सरकार की ‘नमो ड्रोन दीदी योजना’ का महत्वपूर्ण योगदान है। इस योजना के तहत अगले चार वर्षों में 15,000 स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन प्रदान किए जाएंगे। ये ड्रोन कृषि क्षेत्र में उर्वरक, खाद और बीजों के छिड़काव के लिए इस्तेमाल होंगे, जिससे महिलाओं को नए रोजगार अवसर और आत्मनिर्भरता के नए मार्ग प्राप्त होंगे। निरूपा साहू की कहानी इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं अब केवल घरेलू कामकाज तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि तकनीक और नवाचार के माध्यम से वे समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: