छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ली समीक्षा बैठक

IMG 20261008 WA0084

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर पालिका और त्रिस्तरीय पंचायत के आगामी आम और उप निर्वाचन दिसंबर 2026 में कराए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने इसे लेकर संबंधित विभागों के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से रिक्त पदों, आरक्षण और परिसीमन की अद्यतन जानकारी ली गई।

साथ ही चुनाव के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के निर्वाचन के संबंध में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। निर्वाचन आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

पंचायत स्तर पर आम और उप निर्वाचन की स्थिति

आयोग की बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा रिक्त पदों को भरने के लिए उप निर्वाचन भी कराया जाना है। इसमें जनपद पंचायत सदस्य का 1 रिक्त पद, सरपंच के 92 रिक्त पद और पंच के 721 पदों के लिए उप निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

15 नगरीय निकायों में आम चुनाव और उप निर्वाचन

नगरीय निकायों में नवगठित दो नगर पंचायतें शामिल हैं, जिनमें रायगढ़ जिले की नगर पंचायत तमनार और धमतरी जिले की नगर पंचायत बड़ी करेली शामिल हैं। इनके साथ ही नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल और बिरगांव सहित कुल 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन संपन्न कराया जाना है। इसके अतिरिक्त बिलाईगढ़ नगर पंचायत के एक अध्यक्ष पद और विभिन्न निकायों के 6 वार्ड पार्षदों के रिक्त पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाएगा।

समीक्षा बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, नगरीय प्रशासन सचिव अविनाश चंपावत, नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालक निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास संचालक प्रियंका महोबिया उपस्थित थीं। आयोग ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से चुनाव संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने को कहा है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: