रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से वर्षा होने की संभावना है। विशेषकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिले बारिश की चपेट में रह सकते हैं। राजधानी रायपुर में भी देर शाम बारिश के आसार बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा बारिश पेंटर रोड में 4 सेंटीमीटर मापी गई। वहीं, ओरछा कोटा और लालपुर में 3 सेंटीमीटर जबकि बस्तर, खड़गवा और चिरमिरी में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून की विदाई 15 अक्टूबर के आसपास होने की उम्मीद है। शुक्रवार से बारिश की गतिविधि धीरे-धीरे कम होने लगेगी, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की वर्षा जारी रह सकती है।
राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में आज आसमान आम तौर पर बदली-छाए रहने की संभावना है। देर शाम कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। तापमान 24 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे मौसम हल्का ठंडा और आरामदेह बना रहेगा। बरसात के इस मौसम में लोगों को सलाह दी गई है कि जरूरी हो तो बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें।


























